गार्ड से मारपीट कर कॉपर वायर लूटने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, सामान बरामद
टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की

निर्माणाधीन भवन में गार्ड से मारपीट कर कॉपर वायर और सीसीटीवी कैमरे का एडॉप्टर लूटने के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो डिब्बे कॉपर वायर और करीब छह किलोग्राम जली हुई कॉपर वायर बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, छह नवंबर को हीरानगर चौकी क्षेत्र के एक निर्माणाधीन भवन में गार्ड से मारपीट कर बिजली के कॉपर वायर और सीसीटीवी एडॉप्टर लूटने की घटना हुई थी। डॉ. अरुण जोशी की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 309(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदेश कुमार (30), विकास कश्यप (24), शिवम कश्यप (23) और कमल घोष उर्फ बिल्लू सांडा (20), निवासी राजपुरा, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी हीरानगर उपनिरीक्षक संजीत राठौर, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल ललित नाथ शामिल रहे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







