पिथौरागढ़ : हर्षित पांडेय का उत्तराखंड अंडर-16 क्रिकेट टीम में चयन
विजय मर्चेंट ट्रॉफी में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे हर्षित, घरेलू क्रिकेट में अब तक लगा चुके हैं 10 शतक

सीमांत जनपद के होनहार क्रिकेट खिलाड़ी हर्षित पांडेय का चयन उत्तराखंड की अंडर-16 टीम में विजय मर्चेंट क्रिकेट ट्रॉफी 2026 के लिए हुआ है। ग्राम पतलगांव, विण-जाखनी निवासी हर्षित के चयन से जनपद के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। वह दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज होने के साथ ही शानदार क्षेत्ररक्षक भी हैं।
घरेलू क्रिकेट में अब तक 10 शतक अपने नाम कर चुके हर्षित इससे पहले अंडर-14 राज सिंह डूंगरपुर क्रिकेट ट्रॉफी के उत्तराखंड शिविर के लिए भी चयनित हुए थे। हर्षित ने अपने चयन का श्रेय माता संध्या पांडेय, पिता भुवन चंद्र पांडेय, गुरुजनों और पिथौरागढ़ क्रिकेट एसोसिएशन को दिया है। हर्षित एसोसिएशन में पंजीकृत खिलाड़ी हैं।
एसोसिएशन के सचिव उमेश चंद्र जोशी ने बताया कि हर्षित उत्तराखंड टीम के साथ लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं। विजय मर्चेंट ट्रॉफी में उत्तराखंड का पहला मुकाबला 14 से 16 नवंबर तक कर्नाटक के साथ इकाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में होगा। दूसरा मैच 19 से 21 नवंबर तक छत्तीसगढ़ के खिलाफ जीआरजीसी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
इसके बाद 25 से 27 नवंबर तक राजस्थान, 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक गोवा और 6 से 8 दिसंबर तक महाराष्ट्र के साथ मुकाबले होंगे। राजस्थान और महाराष्ट्र के खिलाफ मैच इकाना स्टेडियम, जबकि गोवा के खिलाफ मुकाबला जीआरजीसी क्रिकेट स्टेडियम में होगा। पूल की शीर्ष टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी।
हर्षित के चयन पर पिथौरागढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश जोशी, सचिव उमेश चंद्र जोशी, भूपाल सिंह चुफाल, कोषाध्यक्ष दिनेश भट्ट, आयुष जोशी, दिव्यांश पंत, प्रकाश डिगारी, चयनकर्ता नेहा मेहता, कोच राजेंद्र सिंह गुरो, प्रशांत भैसोड़ा, नीरज, मनोज कुमार, दिनेश चंद्र जोशी, नवीन पुनेठा, कैलाश चंद और हरीश जोशी सहित अन्य लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







