जिला अस्पताल में फिजिशियन नहीं होने से मरीज परेशान
सामाजिक कार्यकर्ता ने शासन से की शीघ्र नियुक्ति की मांग की

पंडित हरगोविंद पंत जिला चिकित्सालय में करीब दो माह से फिजिशियन चिकित्सक उपलब्ध न होने का मामला सामने आया है। अल्मोड़ा निवासी सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई कार्यकर्ता संजय कुमार पांडे ने इस पर चिंता जताते हुए राज्यपाल, मुख्य सचिव और महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को पत्र भेजकर दोनों रिक्त पदों पर तत्काल चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग
की है। उन्होंने बताया कि फिजिशियन डा. हरीश आर्य के स्थानांतरण के बाद जिला अस्पताल में अब तक नए चिकित्सक की तैनाती नहीं हुई है। इससे गंभीर और जटिल रोगों से पीड़ित मरीजों, बुजुर्गों तथा दूरदराज से आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संजय पांडे के अनुसार उन्होंने जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी से मुलाकात कर भी समस्या से अवगत कराया,
लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने जिला अस्पताल में फिजिशियन की तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने के साथ दोनों रिक्त पदों पर स्थायी नियुक्ति की मांग की। साथ ही इस जनहित के मुद्दे पर राजनीतिक दलों की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय जनता के साथ शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







