PithoragarhSocialUttarakhand News

पिथौरागढ़ : हरेला पर्व के बहाने सामूहिक भागीदारी और पर्यावरण चेतना की मिसाल पेश

हजारों की संख्या में रोपित किए पौधे, विभिन्न विभागों व संस्थानों ने किया प्रतिभाग

सीमांत जनपद में हरेला पर्व के अवसर पर इको पार्क वरदानी माता मंदिर परिसर में जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर वन विभाग, इको टास्क फोर्स और पुलिस विभाग सहित विभिन्न संगठनों ने संयुक्त रूप से वृक्षारोपण किया।

 

ad

इको टास्क फोर्स की मदद से यक्षवती नदी किनारे 10,000 पौधे लगाए गए, वहीं पुलिस विभाग द्वारा 900 पौधों का रोपण किया गया। इस वर्ष हरेला की थीम ‘हरेला का त्योहार मनाओ, धरती माँ का ऋण चुकाओ, एक पेड़ मां के नाम रही। कार्यक्रम में जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, सीडीओ डॉ. दीपक सैनी, एडीएम योगेंद्र सिंह, डीएफओ आशुतोष सिंह, 130 ईटीएफ के कम॔डेंट कर्नल एस नेगी, एडजूडेंट आफीसर वीएस दानू, एसएसबी कमांडेंट अजय कुमार सहित कई अधिकारियों और स्कूली बच्चों ने हिस्सा लिया।

 

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता संदेश भी दिया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के लिए सराहनीय कार्य करने वाले पर्यावरण प्रेमी दिनेश गुरुरानी, मुस्कान सामाजिक उत्थान समिति की विनीता कलौनी, पूर्व सूबेदार केशवदत्त मखौलिया, त्रिभुवन शाही, पूर्व लेफ्टिनेंट यशपाल चंद और तेरह वर्षीय पार्थ पुनेड़ा को स्मृतिचिन्ह और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जीजीआइसी की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने हरेला पर्व को उत्तराखंड की जीवनशैली का प्रतीक बताते हुए सभी से पौधे लगाने और उनके संरक्षण की अपील की।

 

हरेला पर्व के अवसर पर पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने स्वयं वृक्षारोपण कर विशेष पर्यावरण संरक्षण अभियान की शुरुआत की। उनके नेतृत्व में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों, शाखाओं, पुलिस इकाइयों सहित फायर सर्विस, एसडीआरएफ और पुलिस लाइन में सैकड़ों पौधे रोपित किए गए। अभियान में सीओ गोविन्द बल्लभ जोशी, सीओ केएस रावत सहित सभी थाना व शाखा प्रभारी, पुलिसकर्मी और अधिकारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

 

उत्तराखंड के पारंपरिक लोक पर्व हरेला के अवसर पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत नेशनल हाईवे-09 पर जामिरखेत बैण्ड से मसानीगाड़ बैण्ड तक वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान में पर्यावरण प्रेमियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्रों और समाजसेवियों ने मिलकर सैकड़ों पौधे लगाए। कार्यक्रम का संचालन ललित मोहन कापड़ी, मोहनलाल वर्मा, राजेन्द्र शर्मा और मानस कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।

 

मुख्य अतिथि नगर निगम मेयर कल्पना देवलाल और विशिष्ट अतिथि भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। मेयर ने वृक्षों के दीर्घकालिक संरक्षण की जरूरत बताई तो वहीं सुरेश जोशी ने इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक पहल बताया। डॉ.अशोक कुमार पंत ने सभी पौधों को गोद लेकर उनकी देखरेख का संकल्प लिया।

 

इस अवसर पर मानस कालेज के निदेशक देवाशीष पंत, भाजपा के जिला महामंत्री राकेश देवलाल, सीमान्त सेवा फाउन्डेशन से ललित पंत, विपिन जोशी, डा. पीआर लोहिया, शिरीष पंत, विवेकानन्ड स्कूल के प्रधानाचार्य धीरेंद्र रावत, गजेन्द्र बोरा, रघुवर दत्त जोशी, गिरीश जोशी, डा. दीप चौधरी, दिनेश भट्ट, योगेश कोरंगा, पवन खत्री सहित मानस कॉलेज, विवेकानंद स्कूल, सुप्रीम यूथ क्लब, सीमांत सेवा फाउंडेशन से जुड़े कई शिक्षक, छात्र और स्थानीय नागरिक मौजूद थे।

 

हरेला महोत्सव के अवसर पर यक्षवती नदी के जलग्रहण क्षेत्र में भव्य वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में 10,000 से अधिक पौधे रोपे गए। कार्यक्रम का आयोजन वन विभाग, इको टास्क फोर्स और जिले के 22 विभागों के संयुक्त प्रयास से हुआ।

 

पुनेड़ी और ताड़ी गांव के 10 जोनों में बांज, मेहल, माल्टा, अमरूद, नींबू सहित कई प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस मौके पर शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, पुलिस, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, एसएसबी, आईटीबीपी सहित अन्य विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य हरियाली बढ़ाने, जल संरक्षण, भूमि कटाव रोकने और जैव विविधता संरक्षण को बढ़ावा देना रहा।

 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, पर्यावरण एवं जल संरक्षण प्रकल्प पिथौरागढ़ द्वारा बुधवार को गांधी चौक में हरेला पर्व पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देवदार के पौधों का रोपण किया गया और ग्रीन वैली स्कूल की छात्राओं ने पारंपरिक खेलों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।

 

संघ पदाधिकारियों ने हरेला पर्व को प्रकृति से जुड़ाव और पर्यावरण संरक्षण का अभियान बताया और लोगों से जल संरक्षण व वृक्षों की देखभाल की अपील की। इस मौके पर संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी पूरन, वतन, हेम, ऋषभ, शैलेश समेत कई स्वयंसेवक मौजूद थे।

 

हरेला पर्व के अवसर पर होली कमेटी पुरानी बाजार के सदस्यों ने पपदेऊ क्षेत्र के शिव मंदिर परिसर में फलदार पौधों का रोपण किया और संरक्षण का संकल्प लिया। इस मौके पर होली कमेटी अध्यक्ष त्रिभुवन साह, सचिव सूरज थापा, दिनेश पंत, पार्षद सुशील खत्री, हर्ष मोहन पंत, अनिल माहरा, मिक्की साह, वरदान, एड कैलाश जोशी, पंकज बिष्ट, भुवन साह, इशू वर्मा मौजूद थे।

 

हरेला पर्व पर पशुपालन विभाग द्वारा उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डा. लाल सिंह सामंत की अगुवाई में चारागाह बिकास कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत पपदेव में ग्रामीण महिला सदस्यों के साथ चारा पौधों का रोपण किया गया। हरेला पर्व के अवसर पर संत नारायण स्वामी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम का नेतृत्व प्राचार्या प्रो. प्रेमलता पंत के निर्देशन में हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में फलदार, छायादार और औषधीय पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। हरेला पर्व के अवसर पर पूर्व सैनिक संगठन द्वारा तड़ी गांव क्षेत्र में वन विभाग और पर्यावरण बटालियन के सहयोग से वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

इस दौरान बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भाग लेकर प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता का संदेश दिया। संगठन ने सभी नागरिकों से वृक्षारोपण कर धरती को सुरक्षित रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सचिव रमेश सिंह महर, लक्ष्मण सिंह, दीपा चुफाल, उमाकांत द्विवेदी, हरीश पंत सहित कई पूर्व सैनिक शामिल रहे।

 

प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देशन में वन क्षेत्राधिकारी अस्कोट की अगुवाई में अस्कोट वन क्षेत्र के वन पंचायत खोलिया गांव मे हरेला पर्व के अवसर पर पौध रोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें वन पंचायत सरपंच, ग्रामीण व वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा एक पेड़ माँ के नाम व हरेला पर्व के तहत विभिन्न प्रजाति के पौध रोपित किए।

 

इस अवसर पर उप वन क्षेत्राधिकारी जीएस रावत, वन दरोगा भावना धामी, वन दरोगा रेवा दत्त जोशी, वन आरक्षी गौरव आर्या, वन आरक्षी पवन द्वेवेदी, वन आरक्षी भावना जोशी, भूपेंद्र परिहार सहित कई कर्मी शामिल थे। सशस्त्र सीमा बल की 55वीं वाहिनी द्वारा हरेला पर्व के अवसर पर वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के तहत मुख्यालय और सीमावर्ती चौकियों पर कुल 1381 पौधों का रोपण किया गया।

 

वन पंचायत पुनेड़ी में प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय द्वारा आयोजित संयुक्त कार्यक्रम में एसएसबी के 50 जवानों ने भी भाग लिया। अभियान का उद्देश्य हरियाली बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाना रहा। कार्यवाहक कमांडेंट ने कहा कि एसएसबी सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ समाज और पर्यावरण के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है।

 

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में बुधवार को हरेला पर्व के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई और युथ रेड क्रॉस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। प्राचार्य प्रो. बी.एम. पांडेय के नेतृत्व में महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। उन्होंने हरेला को प्रकृति और उत्तराखंड की संस्कृति के संरक्षण से जोड़ने वाला पर्व बताया।

कार्यक्रम में एनएसएस व रेड क्रॉस के स्वयंसेवकों, विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस मौके पर डॉ. दीपा पंत, डॉ. लीलाधर मिश्र, डॉ. मीनाक्षी गोस्वामी, डॉ. अंजली यादव सहित कई शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। हरेला पर्व के बहाने पिथौरागढ़ ने सामूहिक भागीदारी और पर्यावरण चेतना की मिसाल पेश की।

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते