पिथौरागढ़ : टायर ट्यूब द्वारा तस्करी, अंतरराष्ट्रीय सीमा सील सहित विभिन्न मसलों पर चर्चा
भारत-नेपाल सीमा समन्वय समिति की बैठक संपन्न

पिथौरागढ़ के जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता तथा नेपाल पश्चिम के दो ज़िलों के प्रमुख जिल्ला अधिकारी अनिल पौडेल दार्चुला एवं पुण्यविक्रम पौडेल बैतड़ी की उपस्थिति में भारत-नेपाल सीमा समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में दोनों देशों के अधिकारियों द्वारा विभिन्न मसलों पर विस्तृत चर्चा की गई।

भारत की ओर से जिलाधिकारी गोस्वामी द्वारा प्रमुख एजेंडा त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन-2025 के दृष्टिगत अंतर्राष्ट्रीय सीमा वास्तविक मतदान से 72 घंटे पहले सील किए जाने, भारतीय मतदाता पहचान पत्र रखने वाले नेपाली नागरिकों, नशीली दावाओं, प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी, मानव तस्करी और जघन्य अपराधों के मामलों, स्थानीय कानून और व्यवस्था के मुद्दे आदि के संबंध में सहयोगी एजेंसियों के
बीच समन्वय, काली नदी द्वारा धारचूला क्षेत्रातंर्गत भू-कटाव समस्या हेतु निराकरण, रिवर राफ्टिंग, सुरक्षा, चुनाव के दौरान विशेष सामाजिक कार्यक्रम के दौरान विशेष अनुमति, दोनों देशों के सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध आवागमन पर रोक, महाकाली नदी में तटबंध सुरक्षा, सड़क निर्माण कार्य, ट्यूब द्वारा अवैध तस्करी पर रोक सहित दोनों देशों के मध्य सुरक्षा आदि को लेकर चर्चा की गई।
इससे पूर्व जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने स्मृति चिन्ह भेंट कर नेपाल की प्रमुख जिल्लधिकारी अनिल पौडेल, दार्चुला, भीमकान्त शर्मा, प्रमुख जिल्ला अधिकारी, बैतडी एवं अन्य नेपाल के अधिकारियों का स्वागत किया गया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी गोस्वामी द्वारा त्रिस्तरीय सामान्य निर्वाचन-2025 को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में सहयोग की अपील की गई। नेपाल के प्रमुख जिल्ला अधिकारी द्वारा आगामी त्रिस्तरीय सामान्य निर्वाचन की आदर्श आचार संहिता में पूर्ण सहयोग की बात कही गई।
बैठक में दोनों देशों के बीच एक-दूसरे को पूर्ण सहयोग के साथ सूचनाओं के आदान-प्रदान किए जाने की सहमति बनी। बैठक में सिंचाई विभाग भारत की ओर से बनबसा डैम में एकत्रित आईबीएम को नदी से निकाले जाने की बात रखी गई, जिससे डैम भी सुरक्षित रहे और भारत में मानव बस्ती को भी नुकसान ना हो। इस संबंध में आपसी समन्वय स्थापित कर संयुक्त निरीक्षण की बात कही गई।
बैठक में सीमा क्षेत्र में वनों के अवैध कटान के संबंध में दोनों देशों के अधिकारियों द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाने व किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचनाओं पर दोनों देशों के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर सूचनाओं के आदान-प्रदान सहमति बनी। बैठक के दौरान विभिन्न मसलों पर हुई चर्चा पर नेपाल के अधिकारियों ने सहयोग की बात कही।
बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, प्रभागीय वन अधिकारी आशुतोष सिंह, उप जिलाधिकारी सदर मंजीत सिंह, कमांडेंट 55 वी वाहिनी शस्त्र सीमा बल, कमांडेंट 11वीं वाहिनी एसएसबी डीडीहाट, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधीक्षण अभियंता सिंचाई तथा नेपाल की ओर से अनिल पौडेल प्रमुख जिल्ला अधिकारी, देव राज जोशी सशस्त्र प्रहरी उपरीक्षक, प्रकाश दाहाल, प्रहरी नायव उपनिरीक्षक, गोविन्द प्रसाद पाण्डेय प्रमुख अनुसन्धान अधिकृत, सुदिप मानन्धर नायब सुब्बा, दीपक सिह धामी लेखापाल, दीपक केसी, प्रहरी हवलदार मोहन वहादुर सिंह भण्डारी, सशस्त्र प्रहरी सहायक हवल्दार, महेश कार्की प्रहरी जवान आदि उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







