पिथौरागढ़ : अपने नाम पर कितने सिम चल रहे हैं, एक मिनट में करें चेक
फर्जी सिम मामले में पुलिस व एसओजी संयुक्त टीम ने किया एक आरोपी गिरफ्तार

आपके नाम पर कोई अनजान या फर्जी मोबाइल सिम तो एक्टिव नहीं है? इसे घर बैठे आसानी से जांचा जा सकता है। पुलिस के अनुसार संचार साथी पोर्टल के TAFCOP लिंक पर मोबाइल नंबर के जरिए लॉग इन कर अपने नाम पर जारी सभी एक्टिव सिम कार्ड की जानकारी हासिल की जा सकती है। संदिग्ध या अनजान नंबर मिलने पर उसे तुरंत रिपोर्ट और ब्लॉक भी कराया जा सकता है।
इधर, सीमांत क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सिम कार्ड एक्टिवेट करने के मामले में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से तीन प्री-एक्टिवेटेड वीआई सिम कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धारचूला के ग्राम सेली (जुम्मा) निवासी संतोष प्रसाद बगौली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार फर्जी सिम के जरिए साइबर अपराध और अन्य सुरक्षा संबंधी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक पांच पीओएस एजेंटों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। इस दौरान 1,183 सिम कार्ड, सात मोबाइल फोन और 63 आधार कार्ड जब्त किए गए हैं, जबकि 95 सिम कार्ड और 157 मोबाइल फोन ब्लॉक कराए गए हैं।
आरोपी के खिलाफ कोतवाली धारचूला में धारा 318(4) बीएनएस और धारा 42 दूरसंचार अधिनियम, 2023 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी निरीक्षक नीरज भाकुनी, धारचूला प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह, उनि मनोज कुमार, का गोविन्द रौतेला, का कमल सिंह, का मुकेश कुमार, का भावेश तिवारी एवं चालक का सोनू कार्की शामिल रहे।
पुलिस अपील : ऐसे चेक करें अपने नाम पर जारी सिम
- संचार साथी पोर्टल के TAFCOP लिंक पर जाएं। अपना मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से लॉग इन करें। इसके बाद आपके नाम पर जारी सभी एक्टिव मोबाइल नंबर स्क्रीन पर दिखाई देंगे। इनमें कोई अनजान या संदिग्ध नंबर मिलने पर ‘Not My Number’ विकल्प चुनकर उसकी रिपोर्ट करने और उसे ब्लॉक कराने की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। पुलिस ने लोगों से समय-समय पर अपने नाम पर जारी सिम कार्ड की जांच करने की अपील की है।
- संचार साथी पोर्टल के TAFCOP लिंक (tafcop.sancharsathi.gov.in) पर जाएं।
अपना मोबाइल नंबर दर्ज कर OTP से लॉग इन करें।
आईडी पर दर्ज सभी एक्टिव नंबर स्क्रीन पर दिखेंगे; किसी भी संदिग्ध/अज्ञात नंबर को “Not my number” चुनकर तुरंत रिपोर्ट व ब्लॉक करें।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







