पिथौरागढ़ : तीन दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य शुभारंभ
लोक कलाकारों ने दर्शकों को देर रात तक झूमने को किया मजबूर

गंगोलीहाट तहसील मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर कंण्डाराछीना में सोमवार को श्री छुरमल देवता महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव के पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण पहुंचे। दिन में स्थानीय कलाकारों और स्कूली छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने समां बांधा,
जबकि रात को आयोजित स्टार नाइट में लोक कलाकारों ने दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक फकीर राम टम्टा एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। विधायक ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक महोत्सव हमारी लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का काम करते हैं। कार्यक्रम का मंच संचालन नानू बिष्ट ने किया।

आयोजन समिति के अध्यक्ष हरीश भंडारी ने बताया कि महोत्सव का आयोजन 14 से 16 सितंबर तक किया जा रहा है। समापन 16 सितंबर 2026 को ऋषि पंचमी के अवसर पर होगा। तीन दिनों तक विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।महोत्सव के पहले दिन दोपहर में स्थानीय गायकों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
वहीं रात को आयोजित स्टार नाइट में प्रसिद्ध लोक गायक सुरेंद्र सुरीला, राजेंद्र प्रसाद और मुनस्यारी सांस्कृतिक दल समेत अन्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरीं। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र प्रमुख विनोद प्रसाद, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भगवान डोभाल, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सेवानिवृत्त अनु सचिव करम राम, ग्राम प्रधान सर्वजीत राम, आयोजन समिति अध्यक्ष हरीश भंडारी सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजक मंडल ने क्षेत्रवासियों से महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







