PithoragarhUttarakhand News

पिथौरागढ़ : विद्यालय में कृषि एवं बागवानी पर नवाचारी परियोजना शुरू

परियोजना की सराहना करते हुए विद्यालय के शिक्षकों और बाल वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं

 विकासखंड कनालीछीना के जूनियर हाईस्कूल कमतोली में कृषि एवं बागवानी को लेकर नवाचारी प्रायोगिक परियोजना शुरू की गई है। विद्यालय के छात्र-छात्राएं इस परियोजना के माध्यम से बागवानी की संभावनाओं का अध्ययन कर रहे हैं, जबकि विषय विशेषज्ञ और वैज्ञानिक उन्हें मार्गदर्शन दे रहे हैं।

 

विद्यालय की प्रधानाध्यापक लीला धामी के संयोजन में कक्षा आठ के बाल वैज्ञानिक पियूष कुमार और गुड्डी भट्ट, सहयोगी छात्राओं सुनीता, मनीषा एवं अंशु के साथ परियोजना पर कार्य कर रहे हैं। परियोजना के निर्देशक विज्ञान शिक्षक डॉ. सीबी जोशी ने बताया कि विद्यालयी पाठ्यक्रम को विद्यालय की गतिविधियों से जोड़ते हुए परिसर में बटर फ्रूट (एवोकाडो) के पौधे रोपे गए हैं।

 

रक्षा कृषि अनुसंधान संगठन, डीआरडीओ के पूर्व वैज्ञानिक डॉ. हेमंत कुमार पाण्डेय एवं डॉ. वंदना पाण्डेय समय-समय पर परियोजना के लिए मार्गदर्शन दे रहे हैं। वहीं, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रोफेसर डॉ. टीएस सिरौला भी बाल वैज्ञानिकों को सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

 

डॉ. जोशी ने बताया कि कमतोली क्षेत्र में आम, अमरूद और केला का उत्पादन होता है। क्षेत्र की उपोष्ण जलवायु को देखते हुए एवोकाडो के उत्पादन की भी अच्छी संभावनाएं हैं। बाजार में इसकी अच्छी कीमत मिलने के कारण यह परियोजना भविष्य में आजीविका के क्षेत्र में भी उपयोगी साबित हो सकती है।

 

जिला विज्ञान समन्वयक डॉ. विकास पंत और ब्लॉक विज्ञान समन्वयक बिंदेश्वरी ने कक्षा आठ के विज्ञान विषय में बताए गए सिद्धांतों को धरातल पर उतारने और विद्यार्थियों में वैज्ञानिक कौशल विकसित करने वाली इस परियोजना की सराहना की। क्षेत्र पंचायत सदस्य हेमा भट्ट, ग्राम प्रधान नीतू भट्ट, सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम नारायण भट्ट, उषा देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने परियोजना की सराहना करते हुए विद्यालय के शिक्षकों और बाल वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं दीं।

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते