पिथौरागढ़ : दूसरी बार झूलाघाट ने जीता वालीबाल का खिताब
हाट को 3-0 से किया परास्त, शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का सम्मान

स्थानीय रामलीला मैदान में नव युवक मंगल दल हाट थर्प द्वारा आयोजित डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन चल वैजयंती वालीबाल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में झूलाघाट ने लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। झूलाघाट ने हरसैम क्लब हाट को सीधे तीन सेटों में हराकर शानदार जीत दर्ज की।
फाइनल मुकाबले में झूलाघाट ने पहला सेट 25-22, दूसरा 25-23 और तीसरा सेट 25-21 से जीतकर मुकाबला अपने नाम किया। मैन ऑफ द मैच अनुज पुजारा और मैन ऑफ द सीरीज शैलेंद्र शाह रहे। मुख्य अतिथि विधायक बिशन सिंह चुफाल ने कहा कि डीडीहाट की वॉलीबॉल प्रतिभा अब पूरे प्रदेश में पहचान बना रही है।
विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख कनालीछीना महिमन कन्याल रहे। इस दौरान शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को सम्मानित भी किया गया। मुकाबले में रेफरी की भूमिका विक्रम बिष्ट और बलवंत रावल ने निभाई, जबकि कमेंट्री संजय पंत, सौरभ शाह और हर्षित मेहरा ने की। नव युवक मंगल दल हाट के अध्यक्ष शैलेंद्र शाह ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और सहयोगियों का आभार जताया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में किशोर शाह, लवि कफलिया, मनोज शाह, मनोज भंडारी, नकुल शाह, रेनू कार्की, नवीन कफलिया, भुवनेंद्र भंडारी सहित जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सहयोग दिया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







