पिथौरागढ़ : डंपिंग जोन के लिए भूमि निरीक्षण करने पहुंची संयुक्त टीम को ग्रामीणों ने लौटाया
प्रस्तावित एमआरएफ सेंटर का विरोध तेज, जनप्रतिनिधियों के घेराव की चेतावनी

नगरपालिका बेरीनाग की ओर से उडियारी बैंड मोटर मार्ग स्थित बाचूर में प्रस्तावित डंपिंग जोन के लिए चयनित भूमि का ग्रामीणों का विरोध लगातार जारी है। बीते दिवस प्रस्तावित भूमि का संयुक्त निरीक्षण करने पहुंची टीम का ग्रामीणों ने विरोध कर दिया। ग्रामीणों के भारी आक्रोश को देखते हुए टीम को बिना निरीक्षण किए वापस लौटना पड़ा।
संयुक्त टीम के पहुंचने की भनक लगते ही उडियारी, कांडे, जगथली, बैठोली, जाख रावत, किरौली, कालेटी, चौकोड़ी सहित नौ गांव ईग्यारपाली क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि पूर्व में जिलाधिकारी और स्थानीय अधिकारियों को ज्ञापन देकर इस भूमि पर डंपिंग जोन नहीं बनाने की मांग की गई थी,
लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से इसी स्थान पर निर्माण की कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि डंपिंग जोन का नाम बदलकर एमआरएफ सेंटर कर उन्हें भ्रमित किया जा रहा है। पूर्व ग्राम प्रधान राजन राम और सरपंच संजय महरा ने कहा कि किसी भी हालत में यहां डंपिंग जोन या एमआरएफ सेंटर नहीं बनने दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि प्रस्तावित स्थल से डंपिंग जोन को शीघ्र निरस्त नहीं किया गया तो स्थानीय विधायक सहित भाजपा के जनप्रतिनिधियों के आवास पर कूड़ा डालकर विरोध जताया जाएगा। इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों का घेराव कर उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी गई। ग्रामीणों ने कहा कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन करने वालों में जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण कार्की कांडे वन सरपंच भरत सिंह बोरा, सरपंच उडियारी संजय महरा पूर्व प्रधान राजन राम प्रधान पंकज राम, मोहित महरा, दीपक बोरा रवि बोरा दीपक महरा युवक मंगल दल अध्यक्ष योगेश महरा, हिमांशु महरा लोकमान कार्की नंदन महरा उमेद सिंह राजेंद्र महरा तरुण महरा, मनीष शाह नीरज शाह महिपाल महरा कमलेश महरा मुकुल महरा हरीश सिंह बोरा मोहित मेहता, खडक रावत सहित आदि मौजूद रहे।
इधर तहसीलदार दयाल चंद मिश्रा ने बताया कि नगरपालिका को विभिन्न कार्यों के लिए भूमि की आवश्यकता है। इसी के तहत प्रस्तावित स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया जा रहा था। नगरपालिका की अधिशासी अधिकारी मीनाक्षी बरदोला ने बताया कि एमआरएफ सेंटर के लिए भूमि का चयन किया गया है और नियमानुसार सेंटर का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी एक बार संयुक्त निरीक्षण किया जा चुका है और फिलहाल दोबारा संयुक्त निरीक्षण की प्रक्रिया की जा रही थी।
क्षेत्र पंचायत बैठक में धरना देने की चेतावनी
डंपिंग जोन के लिए चयनित भूमि को निरस्त नहीं किए जाने पर क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने क्षेत्र पंचायत बैठक में धरना देने की चेतावनी दी है। ग्राम प्रधान कांडे मनीषा देवी. ग्राम प्रधान उडियारी हेमा देवी. ग्राम प्रधान बैठोली पवन कुमार. ग्राम प्रधान प्रेम सिंह नेगी. ग्राम प्रधान गराऊ दीप पंत और ग्राम प्रधान जगथली ने कहा कि यदि 09 सितंबर तक प्रस्तावित भूमि को निरस्त नहीं किया गया तो नौ गांव ईग्यारपाली क्षेत्र के ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य क्षेत्र पंचायत की बैठक में धरने पर बैठकर विरोध दर्ज कराएंगे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







