पिथौरागढ़ : भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए बच्चों को किया प्रेरित
सम्मान समारोह में विद्यालय के मेधावी बच्चे हुए सम्मानित

पिथौरागढ़ के पुलिस लाइन स्थित न्यू बीयरशिवा स्कूल में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल जज (सीनियर डिवीजन) व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव मंजू देवी द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

साथ ही उन्होंने समारोह में अभिभावकों और बच्चों को कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी। इस दौरान मुख्य अतिथि द्वारा कक्षा बारहवीं और दसवीं के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इससे पूर्व विद्यालय प्रबंधक एडवोकेट भुवन भाकुनी, प्रधानाचार्या ममता मेहता, जीआईसी ब्रांच की प्रधानाचार्या मीनाक्षी बिष्ट और उप प्रधानाचार्या एम चौहान द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किया।
समारोह में कक्षा बारहवीं के शीर्ष चार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उनकी पूरे साल की ट्यूशन फीस वापस करके विद्यालय की परंपरा को जारी रखा। इन छात्रों में जिला टॉप करने वाले सम्राट द्विवेदी, तेजस्वी त्रिपाठी, अमित पाण्डेय और तनिष्क उप्रेती शामिल रहे। इसके अतिरिक्त दसवीं और बारहवीं दोनों कक्षाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही अतिथियों द्वारा बच्चों को भविष्य में और भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर अभिभावकों सहित विद्यालय परिवार उपस्थित था।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







