पिथौरागढ़ : जिले में 223 संवेदनशील व 70 अतिसंवेदनशील मतदान स्थल
बीते दिवस 2709 दावेदारों ने कराए नामांकन, 845 नामांकन पत्रों की बिक्री

सीमांत जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर नामांकन पत्रों की बिक्री व नामांकन प्रक्रिया बीते दिवस संपन्न हो गई। बीते दिवस जिलेभर में कुल 845 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई, जिसमें ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए सबसे अधिक 643 नामांकन पत्र बिके तो वहीं नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिवस 2709 दावेदारों ने नामांकन कराया।

सदस्य ग्राम पंचायत पद पर सबसे अधिक 1702 दावेदारों ने नामांकन कराया। नामांकन पत्रों की बिक्री में ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 643, ग्राम प्रधान के लिए 72 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 87 नामांकन पत्र खरीदे गए, जबकि जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 23 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।
बीते दिवस नामांकन पत्र दाखिल करने वाले दावेदारों में सदस्य ग्राम पंचायत पद के लिए 1702 , ग्राम प्रधान पद पर 540, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 412 और जिला पंचायत सदस्य पद पर 55 दावेदारों ने नामांकन कराया। राज्य निर्वाचन आयोग उत्तराखंड से जारी सूचना के मुताबिक कल यानि सोमवार 07 से 09 जुलाई तक नामांकन पत्रों की जांच व 10 व 11 जुलाई को नाम वापसी तथा 14 जुलाई को प्रथम चक्र के निर्वाचन प्रतीक आवंटन और 18 जुलाई को द्वितीय चक्र प्रतीक आवंटन होगा।
प्रथम चक्र के तहत 24 जुलाई 25 को मतदान व द्वितीय चक्र का 28 जुलाई को मतदान होगा। आगामी 31 जुलाई को मतगणना व परिणामों की घोषणा की जायेगी। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के अतंर्गत संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र व मतदान स्थलों की संख्या में 186 संवेदनशील मतदान केंद्र व 223 संवेदनशील मतदान स्थल और 52 अति संवेदनशील मतदान केंद्र तथा 70 अति संवेदनशील मतदान स्थलों को चिन्हित किया गया है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।










