PithoragarhUttarakhand News

पिथौरागढ़ : पहाड़ी शैली में तैयार 30 दुकानों की शीघ्र मिलेगी  सौगात

व्यापार मंडल अध्यक्ष ने जताया आभार

वर्षों से कच्ची दुकानों में कारोबार कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले 30 और दुकानदारों को शीघ्र ही पहाड़ी शैली में तैयार दुकानों की सौगात मिलने जा रही है। नगर निगम द्वारा महिला चिकित्सालय से गांधी चौक तक पहाड़ी शैली में दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। दूसरे चरण का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष काम तेजी से जारी है।

 

नगर निगम मेयर कल्पना देवलाल ने बताया कि पहले चरण में 20 दुकानें तैयार की गई थी, जबकि दूसरे चरण में अभी करीब 30 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। बताया कि शीघ्र ही निर्माण कार्य पूरा कर दुकानदारों को दुकानें उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। प्रस्तावित योजना के तहत कुल करीब 56 दुकानें तैयार की जानी हैं।

 

मेयर ने बताया कि योजना का उद्देश्य कच्चे फड़ों में दुकानदारी कर रहे लोगों को पहाड़ी शैली में व्यवस्थित और व्यवसायिक स्थान उपलब्ध कराना है, जिससे दुकानदारों का सामान बारिश और मौसम की मार से सुरक्षित रहेगा। साथ ही रोजाना सामान को ऊपर-नीचे ले जाने में होने वाले श्रम और अतिरिक्त खर्च से भी राहत मिलेगी।

 

महिला चिकित्सालय से गांधी चौक तक पहाड़ी शैली में तैयार की जा रही दुकानों से क्षेत्र के स्वरूप में भी बदलाव आएगा और गांधी चौक की सुंदरता बढ़ेगी। सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी ने बताया कि निर्माणाधीन दुकानों में शटर लगाने और रंग-रोगन सहित अन्य कार्य किए जा रहे हैं, जो शीघ्र ही पूरे कर लिए जायेंगे।

 

व्यापार मंडल अध्यक्ष तपन रावत ने दुकानदारों के हित में पहल करने के लिए मेयर कल्पना देवलाल का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि नई दुकानें मिलने से लंबे समय से कच्चे फड़ों में कारोबार कर रहे दुकानदारों को सुरक्षित और व्यवस्थित व्यवसाय का बेहतर स्थान मिल सकेगा।

 

 

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते