पिथौरागढ़ : आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा
धावकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता, छियालेख में हेल्प डेस्क और आपातकालीन नंबर जारी करने के निर्देश

आदि कैलाश क्षेत्र में 24 से 26 अक्टूबर तक प्रस्तावित आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन 2.0 की तैयारियों का जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने गूंजी पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सेना, एसएसबी, आईटीबीपी सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा कर सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आयोजन के दौरान धावकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। पूरे मैराथन मार्ग पर पर्याप्त डॉक्टर और एंबुलेंस तैनात करने के साथ उनके स्थान पहले से चिह्नित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्नैक्स और हाइड्रेशन प्वाइंट स्थापित करने, उनकी स्पष्ट मार्किंग तथा पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती को कहा।
—- मैराथन मार्ग सुरक्षित रखने के निर्देश
डीएम ने बीआरओ अधिकारियों को मैराथन मार्ग को सुचारू और सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। मार्ग में मलबा, पत्थर या अन्य अवरोध मिलने पर उन्हें समय से हटाने को कहा, ताकि धावकों को दौड़ के दौरान किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। इवेंट मैनेजर को धावकों के लिए टेंट, बैठने और ठहरने की गुणवत्तापूर्ण व्यवस्था के साथ पर्याप्त शौचालय, साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट किया कि व्यवस्थाओं की गुणवत्ता में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
— छियालेख में बनेगा हेल्प डेस्क
जिलाधिकारी ने छियालेख में हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए। यहां से धावकों और आयोजन से जुड़े लोगों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए संपर्क नंबर भी जारी किए जाएंगे। उपजिलाधिकारी को सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने और आदि कैलाश को नई पहचान दिलाने में मदद मिलेगी। देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले धावकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि वे यहां से सकारात्मक अनुभव लेकर लौटें। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी, उप निदेशक पर्यटन अतुल भंडारी सहित सेना, एसएसबी, आईटीबीपी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







