पिथौरागढ़ : अधिकारियों की छुट्टियों पर आगामी 15 अगस्त तक रोक
जिलाधिकारी ने ली आपदा प्रबंधन कोर कमेटी की बैठक, आवश्यक निर्देश जारी

मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी अलर्ट एवं संभावित आपदा परिस्थितियों के दृष्टिगत आज जिला आपदा प्रबंधन कक्ष में जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन कोर कमेटी की बैठक आयोजित हुई, जिसमें आगामी दिनों की तैयारियों की व्यापक समीक्षा करते हुए समन्वयपूर्ण कार्य प्रणाली सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन उपकरणों की उपलब्धता, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ एवं आईटीबीपी की ब्लॉकवार तैनाती तथा आश्रय स्थलों में व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम के अंतर्गत संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आगामी 15 अगस्त 2025 तक सभी अधिकारियों की छुट्टियाँ निरस्त रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मानव संसाधनों की पूर्ण उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने आईटीबीपी एवं एसएसबी के कमांडरों से संपर्क कर उनकी तैयारी एवं क्विक रिस्पॉन्स क्षमता की जानकारी प्राप्त की। साथ ही शिक्षा विभाग को जनपद के स्कूलों में उपलब्ध हॉलों की सूची तैयार कर आपदा उपयोग हेतु उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। खाद्य एवं पूर्ति विभाग को निर्देशित करते हुए ईंधन एवं खाद्य सामग्री की उपलब्धता की समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा ताकि आपदा की स्थिति में आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
पीडब्लूडी, पीएमजीएसवाई एवं निर्माण संस्थानों को भी सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों से भी व्यक्तिगत रूप से वार्ता कर तैयारियों की समीक्षा की और तत्काल कार्रवाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सूचना संप्रेषण प्रणाली को पूरी तरह सक्रिय, पारदर्शी और तत्पर बनाया जाए, जिससे किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित, सटीक एवं समन्वित राहत कार्य संचालित किए जा सकें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरक राम कोहली, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेश मेहरा सहित लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, राजस्व, ग्रामीण विकास सहित सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







