पिथौरागढ़ : जिलाधिकारी ने दिए अलर्ट मोड पर रहने सहित अन्य आवश्यक निर्देश
कैलास मानसरोवर यात्रियों से की भेंट, क्षतिग्रस्त स्थलों का लिया जायजा

मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को देखते हुए जनपद में हो रही लगातार बारिश के दृष्टिगत जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने आज आपदा की दृष्टि से अति संवेदनशील विकासखंड धारचूला का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की विभागीय अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधितों को अलर्ट मोड रहकर कार्य करने के निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने सड़क मार्गों से जुड़े अधिकारियों को निर्देश देते हुए अवरुद्ध सभी मार्गों को तत्काल खोले जाने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चौथे दल के कैलाश मानसरोवर यात्रियों से मुलाकात करते हुए आश्वस्त किया कि सड़क मार्ग खुलते ही यात्रा प्रारंभ कर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि सड़क मार्गों को खोलने के लिए जिला प्रशासन एवं बीआरओ द्वारा युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है और यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों से भेंट कर हाल- चाल जाना। साथ ही डीएम ने आपदा से क्षतिग्रस्त स्थलों का जायज़ा लिया और संबंधितों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, उपजिलाधिकारी सदर मनजीत सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







