पिथौरागढ़ : एक मकान से भारी मात्रा में सिम कार्ड बरामद
आरोपी गिरफ्तार, फर्जी सिम रैकेट का भंडाफोड़

पुलिस ने साइबर ठगी पर रोकथाम की दिशा में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक मकान में दबिश देकर भारी मात्रा में सिमकार्ड बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

बीते दिवस पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन एवं सीओ गोविन्द बल्लभ जोशी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गंगोलीहाट कैलाश चंद्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम हॉटलेख स्थित एक मकान में दबिश दी। दबिश के दौरान एक व्यक्ति को भारी मात्रा में फर्जी सिम कार्ड बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी राजेंद्र प्रसाद, निवासी देवलथल, वर्तमान में हॉटलेख, गंगोलीहाट में किराए पर रह रहा था, जो भोले-भाले ग्रामीणों को सिम बेचते समय धोखे से एक के स्थान पर कई सिम कार्ड एक्टिवेट करवा कर अपने पास रख लेता था और बाद में उन्हें ऊंचे दामों पर बेच देता था। इन फर्जी सिम कार्डों का इस्तेमाल साइबर ठगों द्वारा अपराध में किया जा सकता था।
इस दौरान आरोपी से 282 एक्टिवेटेड सिम कार्ड, 109 शील्ड सिम, 15 खाली सिम स्लॉट, 04 मोबाइल फोन, 08 विभिन्न व्यक्तियों के आधार कार्ड बरामद किए गए। आरोपी के विरुद्ध धारा 318(4), 61(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता 2023 व धारा 42 टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की जांच भी की जा रही है।
पुलिस ने साइबर अपराध से बचाव के लिए आम जनता से सिम कार्ड केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही लेने, अपने आधार कार्ड व पहचान पत्र की कॉपी किसी अज्ञात व्यक्ति को नहीं देने, किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस व हेल्पलाइन 112 पर देने और ओटीपी बैंक डिटेल्स, पासवर्ड किसी के साथ साझा न करने की अपील की है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र जोशी, अपर उप निरीक्षक नरेंद्र पाठक व हेड कांस्टेबल देश दीपक शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







