पिथौरागढ़ : कैंपस सहित अन्य महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव संपन्न
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दिलाई शपथ

पिथौरागढ़ कैंपस सहित जनपद के अन्य महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हो गए। मतदान व मतगगणना के बाद नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराई गई। विजयी प्रत्याशियों सहित समर्थकों द्वारा विजय जुलूस निकालकर सभी का आभार व्यक्त किया।

मतदान व मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग संपन्न कराने व कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पिथौरागढ़ एलएसएम परिसर छात्र संघ चुनाव शनिवार को संपन्न हुआ। इस बार केवल कोषाध्यक्ष पद पर मतदान हुआ, जबकि शेष सात पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। कोषाध्यक्ष पद पर सुजल वर्मा और अभिनव धामी के बीच सीधी टक्कर रही।
परिणाम में सुजल वर्मा ने 909 मतों के साथ शानदार जीत दर्ज की, जबकि अभिनव धामी को 408 मत मिले। अन्य पदों पर निर्विरोध निर्वाचित हुए पदाधिकारियों में अध्यक्ष इंद्र सिंह बथ्याल, अभाविप, छात्र उपाध्यक्ष पीयूष खोलिया, छात्रा उपाध्यक्ष भावना, सचिव राजेश कुमार, संयुक्त सचिव कुनाल सिंह, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि तिलक राज पाठक व सांस्कृतिक सचिव अनिल कुमार शामिल हैं। मतगणना के बाद परिणाम घोषित होने के उपरांत कैंपस निदेशक प्रो. हेम चंद्र पांडे की मौजूदगी में छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. धर्मेंद्र कुमार उपाध्याय ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराई।
गंगोलीहाट के शहीद पवन सिंह सुगड़ा राजकीय महाविद्यालय छात्र संघ चुनाव में एबीवीपी ने शानदार जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी की मनीषा ने 276 मत पाकर एनएसयूआई प्रत्याशी सलोनी (64 मत) को हराया। उपाध्यक्ष छात्रा पर कविता भाटिया (263) ने एनएसयूआई की अनुष्का रावल (70) को मात दी। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर अभय सिंह परगाई (265) ने एनएसयूआई की राशि सैलाकोटी (69) को पराजित किया।
वहीं उपाध्यक्ष तनुज चंद्र पांडेय, सचिव हिमांशु रावल, संयुक्त सचिव करन कुमार टम्टा, कोषाध्यक्ष अभिषेक रावल और सांस्कृतिक सचिव सपना पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हुए। परिणाम घोषित होने के बाद प्राचार्य डॉ. मधुकेश गुप्ता ने सभी विजयी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इसके उपरांत विजयी जुलूस निकाला गया और महाकाली मंदिर में दर्शन किए गए। चुनाव के दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।
मुनस्यारी के स्व. डॉ. आरएस टोलिया राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। सुबह 9 बजे से शुरू मतदान 1.30 बजे तक चला। मतगणना के बाद घोषित परिणामों में अध्यक्ष चंदन सिंह, उपाध्यक्ष छात्रा जानकी आर्य, उपाध्यक्ष प्रभा फर्सवान, कोषाध्यक्ष चंद सिंह बोनाल, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि विजया मर्टोलिया, संयुक्त सचिव अंजलि आर्या (निर्विरोध) व सांस्कृतिक सचिव खुश्मिता आर्या (निर्विरोध) निर्वाचित रहे।
प्राचार्य प्रो. हितेश कुमार जोशी ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और चुनाव को सफल बनाने के लिए महाविद्यालय परिवार, पुलिस व स्थानीय प्रशासन का आभार जताया। चुनाव में 83 प्रतिशत छात्र-छात्राओं ने मतदान कर उत्साहजनक भागीदारी दिखाई। इस अवसर पर पर्यवेक्षक के रूप में हरीश नाथ, प्राचार्य जीआईसी मुनस्यारी उपस्थित थे।
नारायण नगर संत नारायण स्वामी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव उत्साह और शांति के साथ सम्पन्न हुए। 77.8 प्रतिशत मतदान में ध्रुव मेहरा अध्यक्ष निर्वाचित हुए। अन्य पदों पर हेमलता (उपाध्यक्ष छात्रा), जीवानन्द उपाध्याय (सचिव) दिव्या मेहता (संयुक्त सचिव) धीरज सिंह धामी (कोषाध्यक्ष) खुशी मेहता (सांस्कृतिक सचिव) और अमित कुमार सिंह खोलिया (विश्वविद्यालय प्रतिनिधि) विजयी रहे। चुनाव परिणाम की घोषणा छात्रसंघ चुनाव प्रभारी डॉ. पंकज भट्ट द्वारा की गई। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. प्रेमलता कुमारी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।
बेरीनाग राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुए। अध्यक्ष पद पर हिमांशु बौनाल ने 362 मत पाकर कामाक्षा पाटनी (286) को हराया। सचिव पद पर जिवीतेश रौतेला 412 मत से विजयी रहे, जबकि विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर सुहानी बोरा ने 433 मत पाकर जीत दर्ज की। अन्य पांच पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए। परिणामों की घोषणा चुनाव प्रभारी डॉ. प्रदीप दुर्गापाल ने की और प्राचार्य बीएम पांडेय ने विजयी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







