पिथौरागढ़ के विद्यार्थियों का जलवा: राज्य स्तरीय बाल विज्ञान महोत्सव
कई प्रतियोगिताओं में हासिल किया शीर्ष स्थान

उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकोस्ट) के तत्वावधान में चतुर्थ सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का आयोजन पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, वणसु, जाखधार, गुप्तकाशी (रुद्रप्रयाग) में किया गया। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पिथौरागढ़ जनपद के बाल वैज्ञानिकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई विधाओं में शीर्ष स्थान प्राप्त किए।

विज्ञान ड्रामा (जूनियर वर्ग) में राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय कमतोली की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कविता पाठ (अंग्रेजी भाषा) सीनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज मायालेख की नव्या चंद ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विज्ञान प्रदर्शनी (जूनियर वर्ग) में राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय विण की दक्षता राशि ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विज्ञान प्रश्नोत्तरी (जूनियर वर्ग) में पिथौरागढ़ टीम ने राज्य स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं विज्ञान प्रदर्शनी (सीनियर वर्ग) में निर्वाण राम (डॉन बास्को पब्लिक स्कूल) जियां ने द्वितीय स्थान हासिल किया। शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर मुख्य शिक्षा अधिकारी बीआर कोहली ने सभी को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी तरुण पंत, जिला विज्ञान समन्वयक डॉ. विकास पंत, टीम लीडर कमल किशन पांडे, मार्गदर्शक शिक्षक डॉ. सीबी जोशी, ब्लॉक समन्वयक (मुनाकोट) भीम सिंह कार्की, जिला सह समन्वयक जीवन चंद्र जोशी, अकादमिक समन्वयक वीरेंद्र सिंह कन्याल और डॉ.दीपक चंद्र कापड़ी ने भी चयनित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







