सीएम ने की प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना
विधि-विधान के साथ श्री केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद

आज गुरुवार को विधि-विधान के साथ श्री केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष रूप से धाम पहुंचे और भगवान केदारनाथ के समक्ष प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान धाम में चल रहे विकास एवं पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केदारनाथ सहित चारधाम और मानसखंड क्षेत्र के मंदिरों में तीव्र गति से विकास कार्य हो रहे हैं। सीएम धामी ने बताया कि इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे,
जिससे चारधाम यात्रा ऐतिहासिक रूप से सफल रही। उन्होंने कहा कि यह यात्रा न केवल उत्तराखंड की आर्थिकी को सशक्त करती है, बल्कि देवभूमि को विश्वभर के सनातन धर्मावलंबियों से जोड़ती है। मुख्यमंत्री ने यात्रा की सफलता में योगदान देने वाले तीर्थ पुरोहितों, हक-हकूकधारियों, स्थानीय व्यापारियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्ष 2026 की यात्रा के लिए अभी से तैयारी प्रारंभ की जाए, ताकि आगामी यात्रा और अधिक सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बन सके। इस मौके पर सीएम धामी ने कहा कि बाबा केदार का आशीर्वाद हम सभी पर बना रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को सनातन धर्म की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







