पिथौरागढ़ : जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश, जिम्मेदारियां तय
अल्ट्रा मैराथन तैयारियाँ तेज, 20 राज्यों से धावकों ने कराया पंजीकरण

वाइब्रेंट विलेज बॉर्डर एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने एवं युवाओं को स्वास्थ्य, खेल भावना तथा नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के उदेश्य को लेकर आयोजित की जा रही अल्ट्रा मैराथन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक बैठक आयोजित की गई,

जिसमें आगामी 02 नवम्बर को वाइब्रेंट विलेज गुंजी में आयोजित होने जा रही अल्ट्रा मैराथन ‘आदि कैलाश परिक्रमा रन’ की तैयारियों की समीक्षा करने के साथ ही जिम्मेदारियां तय की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि आयोजन की तैयारियाँ निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जिले की प्रतिष्ठा से जुड़ा है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों को विशेष जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।
जिसके तहत मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी को मुख्य नोडल अधिकारी, परियोजना निदेशक (ग्राम्य विकास) आशीष पुनेठा को प्रदर्शनी एवं स्टॉल स्थापना का दायित्व, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या को आवास व्यवस्था का नोडल अधिकारी, उपाधीक्षक पुलिस धारचूला को कानून व्यवस्था व ट्रैफिक प्रबंधन की जिम्मेदारी, जिला पूर्ति अधिकारी को भोजन एवं खानपान व्यवस्था का प्रभारी और बीआरओ को सड़क सुधार व मरम्मत कार्य का दायित्व सौंपा गया।
बैठक के दौरान सड़क, विद्युत, पेयजल, चिकित्सा, संचार, मंच निर्माण और सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी कार्यो को निर्धारित समय तक पूर्ण करने और प्रत्येक व्यवस्था की निगरानी नियमित रूप से किए जाने की बात संबंधित अधिकारियों से कही।
बैठक में बताया गया कि अब तक 20 राज्यों से 795 धावक इस मैराथन के लिए पंजीकृत हो चुके हैं, जिनमें आईटीबीपी के 32 धावक भी शामिल हैं। मैराथन की पांच श्रेणियों में अल्ट्रा मैराथन-60 किमी, 163 प्रतिभागी (ज्योलिकोंग-गुंजी-कालापानी-गुंजी), फुल मैराथन-42 किमी. 85 प्रतिभागी (गुंजी-कुटी मार्ग), हाफ मैराथन-21 किमी, 190 प्रतिभागी (गुंजी-कुटी मार्ग), 10 किमी रेस- 207 प्रतिभागी (गुंजी-कुटी मार्ग), फन रन-05 किमी, 118 प्रतिभागी (गुंजी-नावी मार्ग) आयोजित होनी है।
बताया कि धावकों के लिए ठहरने, भोजन, पेयजल, शौचालय और अलाव जैसी सुविधाओं की समुचित व्यवस्थाएं की जा रही हैं, जिनमें आईटीबीपी और भारतीय सेना द्वारा सहयोग प्रदान किया जायेगा। बताया कि दौड़ में भाग लेने से पूर्व सभी प्रतिभागियों का अनिवार्य मेडिकल चेकअप होगा। केवल फिट प्रतिभागी ही भाग ले सकेंगे।
इसके अलावा छियालेख में हेल्प डेस्क और हेल्थ डेस्क स्थापित किए जाएंगे, ताकि प्रतिभागियों को मार्गदर्शन और आवश्यक जानकारी तुरंत मिल सके। कार्यक्रम स्थल पर एलईडी स्क्रीन द्वारा लाइव प्रसारण, मंच निर्माण और सशक्त संचार प्रणाली की व्यवस्था की जाएगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, डीएफओ आशुतोष सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, एडीएम योगेन्द्र सिंह, आईटीबीपी, भारतीय सेना के अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







