पिथौरागढ़ : खुलासा : आर्थिक तंगी के चलते चोरी की घटना को दिया अंजाम
चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, सामान बरामद

पिथौरागढ़ जिला मुख्यायलय के निकट पोकलैण्ड मशीन से रॉक ब्रेकर एवं अन्य मशीन संबंधी सामग्री की चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, आरोपियों के कब्जे से चोरी किया सामान बरामद किया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज पण्डा निवासी दीपक सिंह बिष्ट द्वारा कोतवाली पिथौरागढ़ में तहरीर देते हुए बताया गया कि ग्राम सिलौली स्थित गोरखनाथ मंदिर के पास रोड़ निर्माण कार्य में लगी उनकी पोकलैण्ड मशीन से रॉक ब्रेकर एवं अन्य मशीन संबंधी सामग्री चालक हिमांशु बिष्ट द्वारा चोरी कर ली गई है।
तहरीर के आधार पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिथौरागढ़ ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में अभियोग पंजीकृत कर विवेचना प्रारम्भ की गई। विवेचना के दौरान जानकारी जुटाते हुए मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम द्वारा घाट रोड के पास से आरोपी हिमांशु बिष्ट, निवासी बुंगली, गंगोलीहाट, आयु 22 वर्ष एवं सुंदर सिंह राठौर, निवासी कपकोट, बागेश्वर, आयु 26 वर्ष को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद किया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी हिमांशु बिष्ट ने बताया कि बरसात के कारण पोकलैण्ड मशीन का कार्य बंद हो जाने से उसे निर्धारित मासिक 25,000 रूपए के स्थान पर मात्र 10,000 रूपए वेतन मिल रहा था, जिससे आर्थिक तंगी के चलते उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस टीम में उप निरीक्षक ललित डंगवाल व कमलेश जोशी, हेड कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह, कांस्टेबल नीरज भोज, सतेन्द्र सुयाल व विरेन्द्र यादव शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







