पिथौरागढ़ : बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के हित में विभिन्न कार्यक्रमों होगा आयोजन : मयूख भट्ट
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर पूर्व सैनिक संगठन का भव्य आयोजन, देशभक्ति, संस्कृति और सेवा का संगम

पिथौरागढ़ जनपद मुख्यालय में पूर्व सैनिक संगठन द्वारा उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के धर्मगुरु नवीन गुरुरानी ने मंत्रोच्चार के साथ किया।

इस दौरान उत्तराखंड के जन्म दिवस पर केक काटकर राज्य की खुशहाली की कामना की गई। इसके बाद आयोजित परिचर्चा में पूर्व सैनिकों ने उत्तराखंड के विकास, मूल निवास प्रमाणपत्र, भू-कानून और समाज निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। संगठन के अध्यक्ष मयूख भट्ट ने कहा कि राज्य के समग्र विकास में पूर्व सैनिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि संगठन जल्द ही बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के हित में कई कार्यक्रम आयोजित करेगा। संगठन अध्यक्ष भट्ट ने बताया कि इसी क्रम में एक मेडिकल कैंप आयोजित किया जायेगा जिसके लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों से संपर्क किया जा रहा है। कार्यक्रम में 47 पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं के जन्म प्रमाणपत्र निशुल्क भरे गए, जिसकी व्यवस्था संगठन के कार्यालय प्रबंधक संजय प्रसाद ने की।
समारोह के दौरान सेवानिवृत्त सैनिकों सूबेदार मोहन सिंह, कप्तान राजेंद्र सिंह, नायब सूबेदार लक्ष्मण सिंह और नवीन चंद्र जोशी का माला पहनाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में भगवान सिंह रौतेला (सेना मेडल) ने संगठन को स्थापना दिवस की स्मृति में एक पौधा भेंट किया। पूरा समारोह ‘रंगीलो कुमाऊं मेरो, छबीलो गढ़वाल की धुनष्’ से गुंजायमान रहा, जबकि पूर्व सैनिकों ने उत्तराखंड की संस्कृति और शौर्य की झलक प्रस्तुत की।
अंत में भारत माता की जय, देवभूमि की जय और पूर्व सैनिक संगठन अमर रहे के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर कैप्टन देवी दत्त (वीएसएम), सूबेदार मेजर सुरेश पुनेठा (सेना मेडल), भगवान सिंह वाल्दिया, भूपाल सिंह, गिरधर सिंह, प्रहलाद सिंह, राजेंद्र जोरा, कमान सिंह, भूपेंद्र बोहराए, उमेश तिवारी, उमेश पांडेय, दीपा जोशी, प्रमिला बोरा और दीपा चुफाल सहित कई पूर्व सैनिक व अन्य लोग उपस्थित थे। संचालन कैप्टन लक्ष्मण सिंह देउपा द्वारा किया गया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







