पिथौरागढ़ : डीएम ने किया विकास भवन का औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कनिष्ठ अभियंता से जवाब तलब
विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

पिथौरागढ़ जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने आज सोमवार को विकास भवन का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति, अभिलेख संधारण तथा कार्य निष्पादन की स्थिति की जांच की।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कार्मिक अपने डेस्क पर नाम पट्टिका अनिवार्य रूप से लगाएं और समय पर कार्यालय में उपस्थित रहें। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रमाणपत्र जारी करने, आधार अपडेट, पेंशन वितरण एवं अन्य जनसेवा कार्यों में पारदर्शिता और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उरेडा विभाग के कनिष्ठ अभियंता के अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि अनुशासनहीनता पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी भटगांई ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ कार्यालयों की नियमित निगरानी करें और जनहित से जुड़ी सेवाओं में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतें। कहा कि कार्यालयों में अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







