मुख्यमंत्री ने 142.25 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया
राज्य आंदोलनकारियों को किया सम्मानित, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

उत्तराखंड की रजत जयंती के अवसर पर ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में आयोजित दो दिवसीय समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को 142.25 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 43.63 करोड़ की 27 योजनाओं का लोकार्पण और 98.62 करोड़ की 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि दी और राज्य आंदोलनकारियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया और खेल, शिक्षा, कृषि व अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में आईटीबीपी, आईआरबी, नागरिक पुलिस, होमगार्ड, महिला आरक्षी और एनसीसी महिला दस्ते ने 46वीं वाहिनी पीएसी के बैंड की धुन पर शानदार रैतिक परेड का प्रदर्शन किया।
मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण करते हुए सभी जवानों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को रजत जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की रजत जयंती के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होकर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। उन्होंने राज्य को 8,200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है, जो राज्य के सर्वांगीण विकास का आधार बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। केदारखंड और मानसखंड क्षेत्र के प्राचीन मंदिरों का पुनरुद्धार एवं सौंदर्यीकरण तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य को विशेष औद्योगिक पैकेज देकर विकास की नई दिशा दी थी। मुख्यमंत्री ने बताया कि गैरसैंण के समग्र विकास के लिए कई योजनाएं संचालित हैं। सारकोट गांव को मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है।
राज्य की विकास दर में निरंतर वृद्धि, कृषकों की आय में बढ़ोतरी और बेरोजगारी में 04.04 प्रतिशत की कमी उत्तराखंड की प्रगति को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड को सतत विकास सूचकांक में देश में प्रथम स्थान और मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट अवॉर्ड प्राप्त हुआ है।
केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में बुनियादी ढांचा, शिक्षा, स्वास्थ्य, हवाई एवं रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भू-माफिया पर अंकुश लगाने के लिए सख्त भू-कानूनए और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए नकल विरोधी कानून लागू किए गए हैं। उन्होंने बताया कि गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित करने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। साथ ही चौखुटिया, ज्योतिर्मठ और घनशाली को उड़ान योजना से जोड़ने की घोषणा की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, विधायक अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, भरत सिंह चौधरी, प्रमोद नैनवाल, सुरेश गड़िया, प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष बीकेटीसी ऋषि प्रसाद सती, राज्यमंत्री रामचंद्र गौड़, हरक सिंह नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, संदीप रावत, ब्लॉक प्रमुख दुर्गा देवी, ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी, पूर्व विधायक एवं राज्य आंदोलनकारी सुरेंद्र सिंह, भाजपा महामंत्री अरुण मैठाणी, विनोद कनवासी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक एसएस पंवार, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







