पुलिस टीम पर हमला करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
तल्लीताल पुलिस की सख्त कार्रवाई

नैनीताल जनपद के ज्योलिकोट क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमला करने वाले चार आरोपियों को तल्लीताल पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते 21 दिसंबर को चौकी प्रभारी ज्योलिकोट उपनिरीक्षक श्याम सिंह बोरा बैरियर पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक होटल रेस्टोरेंट में पर्यटकों और होटल स्टाफ के बीच बिल को लेकर विवाद की सूचना मिली। सूचना पर उपनिरीक्षक श्याम सिंह बोरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और विवाद शांत कराने का प्रयास किया।
इस दौरान चार व्यक्तियों ने पुलिस टीम के साथ गाली- गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उपनिरीक्षक श्याम सिंह बोरा पर आधी भरी पानी की बोतल से सिर पर दो बार हमला किया। हमले में एक होमगार्ड जवान भी घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज नयाल ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया। उपनिरीक्षक सतीश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में दीप चंद्र, मनोज, त्रिभुवन शर्मा व प्रवीण चंद, अल्मोड़ा शामिल हैं।
चारों आरोपियों के विरुद्ध थाना तल्लीताल में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना थानाध्यक्ष मनोज नयाल द्वारा स्वयं की गई और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मनोज सिंह नयाल, उ0 नि0 श्याम सिंह बोरा, उ0 नि0 सतीश उपाध्याय,हे0 का0 जीवन, कानि0 मलकीत कम्बोज, कानि0 परमजीत सिंह व होमगार्ड गणेश भट्ट शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







