पिथौरागढ़ : कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं : डीएम
ग्रिफ को कड़ी चेतावनी, कार्य पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश

पिथौरागढ़ के कनालीछीना–बंदरलीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता को लेकर प्राप्त शिकायतों के बाद जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने ग्रिफ के अधिशासी अभियंता (सिविल) को कड़ी फटकार लगाई है।

जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी डीडीहाट को तत्काल स्थल निरीक्षण कर जांच करने तथा संदिग्ध गुणवत्ता वाले डामरीकरण कार्य पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क निर्माण एवं रखरखाव कार्य में जनता की सुरक्षा, सुविधा और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है।
किसी भी स्तर पर लापरवाही, मानकों से समझौता या घटिया सामग्री का उपयोग कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण, कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने और आम जनता की शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाने को कहा।
साथ ही जिलाधिकारी ने कहा कि भविष्य में सभी सड़क परियोजनाओं में गुणवत्ता नियंत्रण और निगरानी व्यवस्था को और सख्त किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही दोबारा न हो।
उन्होंने दो टूक कहा कि पिथौरागढ़ जनपद में सभी सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य उच्च मानकों और निर्धारित गुणवत्ता नियमों के अनुरूप ही कराए जाएंगे, जिससे आम नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और टिकाऊ आवागमन की सुविधा मिल सके।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







