पिथौरागढ़ : कार्य की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी नाराज, लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
जल जीवन मिशन व ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति की डीएम ने की समीक्षा

जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष भटगाईं की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय में जल निगम और जल संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जल जीवन मिशन एवं ग्रामीण पाइप्ड जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित योजनाओं की भौतिक व वित्तीय स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में विशेष रूप से एकल ग्राम एवं बहु ग्राम जलापूर्ति योजनाओं के अंतर्गत योजना पहचान संख्या (आरपीडब्ल्यूएसएस, आईडी) निर्माण, हर घर जल ग्रामों के प्रमाणीकरण, परिसंपत्तियों की जियो टैगिंग, योजनाओं की पूर्णता रिपोर्ट, कार्रवाई रिपोर्ट तथा वित्तीय समापन की स्थिति पर चर्चा की गई।
साथ ही प्रधानमंत्री गति शक्ति पोर्टल के अंतर्गत मानचित्र फाइलों की स्वीकृति की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तक स्वच्छ, सुरक्षित और नियमित पेयजल पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जल जीवन मिशन एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान कुछ योजनाओं में अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि सभी बहु ग्राम योजनाओं में योजना पहचान संख्या निर्माण, हर घर जल ग्राम प्रमाणीकरण और गति शक्ति पोर्टल पर मानचित्र फाइल स्वीकृति की प्रगति एक सप्ताह के भीतर उल्लेखनीय रूप से बढ़ाई जाए।
समयसीमा में सुधार न होने पर संबंधित अभियंताओं की जिम्मेदारी तय करते हुए विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई। जिलाधिकारी ने योजनाओं की नियमित निगरानी, लंबित औपचारिकताओं के शीघ्र निस्तारण और वित्तीय समापन को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन से जुड़ी प्रत्येक योजना सीधे आम जनता के जीवन स्तर से जुड़ी है,
इसलिए सभी अधिकारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। बैठक में अधीक्षण अभियंता जल संस्थान पीएस रावत, अधिशासी अभियंता जल संस्थान सुरेश जोशी तथा जल निगम के अधिशासी अभियंता पीएन चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







