पिथौरागढ़ : ‘‘मेरी चेली म्यर घरै पछयांण’’ अभियान की अनूठी शुरुआत
बेटी के नाम से घर की पहचान, 20 बालिकाओं को नाम पट्टिकाएं वितरित

पिथौरागढ़ में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत एक अभिनव पहल ‘मेरी चेली म्यर घरै पछयांण’ का शुभारंभ कनालीछीना विकासखंड के ग्राम सतगढ़ से किया गया। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई के निर्देश पर शुरू इस पहल का उद्देश्य बालिका जन्म को प्रोत्साहित करना, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना है।

जनपद में घटते बालिका लिंगानुपात को देखते हुए यह पहल एक सार्थक कदम मानी जा रही है। कार्यक्रम के तहत बालिका के जन्म पर उसके घर के बाहर उसके नाम की पट्टिका लगाई जाएगी। शुभारंभ अवसर पर जिलाधिकारी स्वयं बालिका हर्षिता के घर पहुंचे और नाम पट्टिका स्थापित करवाई। इसके अलावा खुशी, ईशा, अर्पिता, सपना, सौम्या सहित कुल 20 बालिकाओं को नाम पट्टिकाएं वितरित की गईं। जिलाधिकारी ने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की शान हैं।
इस अभियान के माध्यम से बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी। अपेक्षा की गई है कि इस पहल में जनप्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठन एवं आम नागरिक सक्रिय सहभागिता निभाएंगे, जिससे बेटियों के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण हो सके और जनपद को बालिका संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक नई पहचान मिल सके।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान अंजू कापड़ी, बीडीसी सदस्य भुवन कापड़ी, पूर्व प्रधान सावित्री कापड़ी, महिला सशक्तिकरण एवम बाल विकास विभाग से जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ निर्मल सिंह बसेड़ा, प्रधान सहायक राजकुमार भंडारी, मिशन शक्ति टीम तथा वन स्टॉप सेंटर की परामर्शदाता सहित समस्त ग्रामीण मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







