पिथौरागढ़ : नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ होगी कठोर कार्रवाई : एआरटीओ
होली पर सख्ती, 01 से 10 मार्च तक विशेष चेकिंग अभियान

होली पर्व को सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए परिवहन विभाग ने जनपद में 01 से 10 मार्च तक विशेष सघन चेकिंग अभियान शुरू कर किया है। त्योहार के दौरान बढ़ती आवाजाही को देखते हुए विभाग ने सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए कड़ा रुख अपनाया है।

एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल के नेतृत्व में चले अभियान के तहत नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा कसते हुए 47 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 02 वाहनों को सीज किया गया। चेकिंग अभियान के दौरान ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाना और बिना हेलमेट दोपहियां चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील मार्गों पर लगातार जांच की जा रही है। प्रवर्तन दल के सदस्य सीमा राणा, बलदेव और महेंद्र द्वारा विभिन्न स्थानों पर संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई। एआरटीओ कांडपाल ने कहा है कि ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों को तुरंत सीज किया जाएगा और संबंधित चालकों के परमिट व ड्राइविंग लाइसेंस के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
नशे में वाहन चलाने वालों पर भी सख्त दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने आमजन से अपील की कि होली खुशियों का पर्व है, लेकिन इसे जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ मनाएं। ‘होली मनाएं’ मगर सुरक्षित ढंग से संदेश देते हुए वाहन चालकों से नशे में ड्राइविंग से बचने, हेलमेट पहनने और तेज गति से वाहन न चलाने की अपील करते हुए विशेष अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







