पिथौरागढ़ : खुरपका-मुँहपका रोग से बचाव को 45 दिवसीय टीकाकरण अभियान शुरू
3.51 लाख पशुओं को लगेगा टीका, जिलाधिकारी ने किया अभियान का शुभारंभ

जनपद में खुरपका-मुँहपका (फुट एंड माउथ) रोग की रोकथाम के लिए पशुपालन विभाग द्वारा 45 दिवसीय व्यापक टीकाकरण अभियान का गुरुवार को शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाईं ने कलेक्ट्रेट परिसर से टीकाकरण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की।

इस दौरान उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य पशुधन को संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखना, उनकी उत्पादकता बढ़ाना तथा पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से बचाना है। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की। यह अभियान 02 अप्रैल से आगामी 45 दिनों तक संचालित किया जाएगा।
इसके तहत जनपद में कुल 3,51,000 पशुओं का टीकाकरण प्रस्तावित है, जिसमें 1,41,000 गौवंशीय व महिषवंशीय तथा 2,10,000 भेड़.बकरी शामिल हैं। इसके लिए 52 टीमें गठित की गई हैं और 160 से अधिक कार्मिकों की तैनाती की गई है, जो गांव-गांव जाकर पशुओं का टीकाकरण करेंगी।
अभियान के तहत 03 माह से कम आयु के पशुओं और 06 माह से अधिक गर्भवती पशुओं को टीकाकरण से बाहर रखा जाएगा। मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. योगेश कुमार शर्मा ने बताया कि यह बड़े पशुओं के लिए आठवां और छोटे पशुओं के लिए चौथा अभियान है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश देते हुए जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।
पशुपालन विभाग ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे टीकाकरण टीमों का सहयोग करें और अपने पशुओं को रोगमुक्त रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. योगेश कुमार शर्मा, उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. लाल सिंह सामंत, पशुचिकित्साधिकारी डॉ. प्रेमलता बसेड़ा सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







