पिथौरागढ़ : ट्रक के ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा, मजदूर गंभीर घायल
अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से कार क्षतिग्रस्त, चालक की पिटाई

नगर के बैंक रोड-वड्डा तिराहे के बीच गुरुवार देर शाम ब्रेक फेल होने से एक मालवाहक ट्रक अनियंत्रित हो गया। हादसे में नेपाल मूल का एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक कार भी ट्रक की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक चालक की पिटाई कर दी।
घायल मजदूर को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 7:50 बजे सामान से लदा ट्रक महिला अस्पताल के पास एक वैन से हल्का टकरा गया, जिससे मार्ग पर जाम लग गया।
बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल से नीचे उतरते समय ट्रक के ब्रेक अचानक फेल हो गए। चालक किसी तरह वाहन को महिला अस्पताल के समीप रोकने में सफल रहा। जाम की सूचना पर सिल्थाम चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के दौरान चालक के हल्के नशे में होने की बात सामने आने पर लोगों के कहने पर दूसरे चालक की व्यवस्था कर ट्रक को किनारे लगाने का प्रयास किया।
जैसे ही ट्रक को आगे बढ़ाया गया, चालक को पता चला कि ब्रेक पूरी तरह काम नहीं कर रहे हैं। ऐसे में चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को ढलान की ओर ले जाने के बजाय भाटकोट रोड की चढ़ाई की ओर मोड़ दिया, ताकि बड़ा हादसा टाला जा सके। हालांकि इस दौरान ट्रक की चपेट में आकर नेपाल मूल का मजदूर गोपाल, उम्र 40 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया और एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित लोगों ने ट्रक चालक को वाहन से उतारकर उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों चालकों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। घायल मजदूर को जिला अस्पताल पहुंचाया गया. जहां डा. गर्वित सहित स्वास्थ्य कर्मी मोनू लुंठी आदि द्वारा प्राथामिक उपचार दिया, हालत गंभीर होने पर घायल को हायर सेंटर रेफर कर दिया। इधर एसएचओ ललित मोहन जोशी ने बताया कि केंटर को कब्जे में ले लिया गया है मामले की जांच जारी है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







