CrimePithoragarhUttarakhand News

पिथौरागढ़ : म्यूल अकाउंट गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार. करोड़ों की साइबर ठगी का खुलासा

एक बैंक खाते में 12.35 लाख रुपये और दूसरे खाते में 1.04 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा

जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिथौरागढ़ साइबर सेल और कोतवाली बेरीनाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यूल अकाउंट गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में एक बैंक खाते में 12.35 लाख रुपये और दूसरे खाते में 1.04 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ के निर्देशन में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक नीरज भाकुनी के नेतृत्व में जांच की गई। जांच के दौरान दो ऐसे बैंक खातों की पहचान हुई, जिनका उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के लेन-देन और उसके स्रोत को छिपाने के लिए किया जा रहा था।

जांच में सामने आया कि एक खाते में ₹12,35,832 तथा दूसरे खाते में ₹1,04,96,483 का संदिग्ध लेन-देन हुआ था। पुलिस के अनुसार, इन खातों का इस्तेमाल ‘म्यूल अकाउंट’ के रूप में किया जा रहा था। म्यूल अकाउंट ऐसे बैंक खाते होते हैं, जिनका उपयोग साइबर अपराधी ठगी की रकम को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने या उसके वास्तविक स्रोत को छिपाने के लिए करते हैं।

मामले में कोतवाली बेरीनाग में धारा 318(4)/61(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पवन कुमार (22), निवासी ग्राम पौंसा, बेरीनाग, प्रियांशु कुमार (22), निवासी जाड़ापानी, कूलाखेत, पिथौरागढ़ तथा अमनदीप, निवासी गणाई गंगोली के नाम सामने आए।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रियांशु कुमार को हल्द्वानी के दमुवाढूंगा स्थित अंबेडकर पार्क के पास से तथा पवन कुमार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार गंगवार, हेड कांस्टेबल संजीव यादव तथा कांस्टेबल चालक नरेंद्र मेहता शामिल रहे।

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते