पिथौरागढ़ : आठगांव शिलिंग महोत्सव के थीम सॉन्ग का विमोचन, 26 अक्टूबर से होगा आयोजन
तीन दिवसीय मेले में लोक संस्कृति और परंपराओं को मिलेगा मंच

आगामी 26 से 28 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले आठगांव शिलिंग मेला महोत्सव-2026 के थीम सॉन्ग का बुधवार को आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में विमोचन किया गया। कार्यक्रम में मेला समिति के पदाधिकारियों, कलाकारों, गणमान्य नागरिकों और प्रिंट, टीवी व डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों के साथ सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन जनार्दन उप्रेती व प्रतीक वल्दिया ने किया। इस दौरान मेला समिति के संयोजक एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बीरेन्द्र सिंह वल्दिया, संरक्षक पीसी जोशी, सचिव गौरव बिष्ट, ग्रामोत्थान समिति के अध्यक्ष गोपाल सिंह वल्दिया, मेला समिति अध्यक्ष एचसी जोशी और कोषाध्यक्ष एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सीएम पाण्डेय मौजूद रहे। इस दौरान मेला संयोजक वल्दिया ने कहा कि महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को व्यापक मंच देने का प्रयास किया जाएगा।
थीम सॉन्ग के गायक कैलाश कुमार के साथ कृपाल सिंह वल्दिया, मीडिया संयोजक पंकज पाण्डेय और मेला समिति के अन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। थीम सॉन्ग के विमोचन के साथ ही महोत्सव को लेकर उत्साह दिखाई दिया। समिति की ओर से तीन दिवसीय आयोजन को भव्य बनाने की तैयारियां की जा रही हैं।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







