पिथौरागढ़ : 14 नवंबर से शुरू होगा ऐतिहासिक जौलजीवी मेला, डीएम ने तैयारियों का लिया जायजा
व्यापारियों और आगंतुकों की सुविधा के लिए समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश, लापरवाही पर दी हिदायत

आगामी 14 नवंबर से शुरू होने जा रहे ऐतिहासिक एवं अंतरराष्ट्रीय जौलजीवी मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने बुधवार को मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों और कार्यदायी संस्थाओं की ओर से किए जा रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जौलजीवी मेला ऐतिहासिक और अंतरराष्ट्रीय महत्व रखता है। इसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों के साथ ही पड़ोसी देश से भी बड़ी संख्या में व्यापारी और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में मेले में आने वाले व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और आगंतुकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने और तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी ने जिलाधिकारी को मेला स्थल पर चल रही तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने दर्शक दीर्घा, विभागीय स्टाल और अन्य व्यवस्थाओं की प्रगति से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मेले को भव्य, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए सभी विभाग अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। इस दौरान मेलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







