नशे की लत पूरी करने के लिए दो दुकानों में की चोरी, 23 वर्षीय युवक गिरफ्तार
लोहाघाट पुलिस ने चोरी की घटनाओं का किया खुलासा, 12 हजार रुपये नकद और बर्तन बरामद

नशे की लत पूरी करने के लिए दो दुकानों में चोरी करने वाले 23 वर्षीय युवक को लोहाघाट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 हजार रुपये की नकदी, चोरी के बर्तन और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को निर्मल सिंह ने अपनी दुकान में चोरी होने की तहरीर थाना लोहाघाट में दी थी।
इस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने सुरागरसी और संदिग्धों की जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मायावती आश्रम जाने वाले तिराहे के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। उसके कब्जे से चोरी की नकदी और सामान बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने नशे का आदी होना और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए छोटी-मोटी चोरियां करना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहित कुमार (23) पुत्र मनोज कुमार, निवासी गैस गोदाम के निकट लोहाघाट के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 12 हजार रुपये नकद, एक एल्यूमीनियम फ्राईपैन, एक एल्यूमीनियम डेक, एक नॉनस्टिक कढ़ाई और एक स्टील की थाली बरामद की है। इसके अलावा एक ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड भी मिला है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, अपर उपनिरीक्षक लाल सिंह अधिकारी सहित पुलिस टीम शामिल रही। चम्पावत पुलिस ने दुकानदारों से प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की अपील की है। साथ ही नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर देने का आग्रह किया है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







