पिथौरागढ़: पुस्तक मेला: अध्ययन के प्रति सदैव जागरूक रहने का संदेश
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग निःशुल्क पुस्तक मेले का आयोजन

पिथौरागढ़ के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में विद्यार्थियों के शैक्षणिक उत्थान के उद्देश्य से निःशुल्क पुस्तक मेले का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्राचार्य प्रोफेसर बीएम पाण्डेय के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। पुस्तक मेले के दौरान प्राचार्य प्रो. पाण्डेय ने विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तकें वितरित करते हुए उन्हें अध्ययन के प्रति सदैव जागरूक रहने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि पुस्तकें जीवन का आलोक हैं, जिनके माध्यम से विद्यार्थी अपने ज्ञान को समृद्ध कर बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। इस अवसर पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. भास्कर जोशी ने विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षाओं एवं छात्रवृत्ति योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में मुक्त विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने का आह्वान किया। महाविद्यालय के उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय केंद्र के समन्वयक डॉ. ललित सिंह रावत ने बताया कि निःशुल्क पुस्तक मेले के माध्यम से विभिन्न विषयों की 1500 से अधिक पुस्तकें विद्यार्थियों को वितरित की गईं, जो उनके ज्ञानार्जन में सहायक सिद्ध होंगी। कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी जीवन पंत सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







