पिथौरागढ़ : प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के तरीके
जागरूकता रैली निकालकर किया लोगों को जागरूक

पिथौरागढ़ जिला जज व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में सचिव मंजू देवी के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विश्व गरीबी उन्मूलन दिवस के अवसर पर सचिव ने कहा कि गरीबी उन्मूलन के लिए आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक असमानताओं को दूर करते हुए समावेशी विकास और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करना आवश्यक है।

कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही मनरेगा, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाएँ तभी प्रभावी होंगी जब इनका क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर सुदृढ़ रूप से हो। कार्यक्रम में लगभग 35 महिलाओं ने प्रतिभाग किया। वहीं नर्सिंग कॉलेज पिथौरागढ़ में विश्व आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस पर कार्यशाला आयोजित की गई।
इसमें एसडीआरएफ टीम और रेड क्रॉस टीम ने छात्राओं को आपदा के समय आवश्यक तैयारी, सुरक्षा उपाय, प्राथमिक चिकित्सा तथा भूकंप और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के तरीके बताए। दोनों कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाना और जनसहभागिता के माध्यम से सुरक्षित एवं सशक्त समुदाय का निर्माण करना रहा।
इधर गरीबी उन्मूलन पर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जागरूकता रैली को सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंजू देवी द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। रैली न्यायलय परिसर से गांधी चौक, सिमलगैर बाजार होते हुए चिमिस्यानौला तक निकाली गई। जागरूकता रैली में लगभग 25 अधिकार मित्र द्वारा प्रतिभाग किया गया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







