युवक पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
रेस्टोरेंट में छोटी सी बात को लेकर दो पक्षों के बीच हो गई थी कहा सुनी

रेस्टोरेंट में छोटी सी बात को लेकर दो पक्षों के बीच हुई कहा सुनी के बाद एक पक्ष के 10 से 12 लड़को द्वारा रेस्ट्रोरेंट के बाहर युवक को घेरने पर आरोपी ने डराने की नीयत से हवाई फायर कर दिया, जिससे एक युवक के चेहरे पर गोली लग गई और वह घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया।

घायल युवक के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार कर लिया। देहरादून पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 08 अगस्त देर रात्रि कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना राजपुर को मसूरी डाइवर्जन से आगे राजपुर की ओर एक रेस्टोरेंट के बाहर गोली चलने की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष राजपुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे।
मौके पर गोली लगने से एक युवक घायल हुआ था, जिसे तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया गया। घायल युवक की पहचान संभव गुरुंग, निवासी अनार वाला देहरादून के रूप में हुई। मौके पर फील्ड यूनिट की टीम को बुलाकर घटना स्थल की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की गई। घटना के संबंध में जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि घायल युवक अपने साथियों के साथ खाना खाने रेस्ट्रोरेंट में गया था, जहाँ रेस्ट्रोरेंट में किसी बात को लेकर 02 युवकों व 01 युवती से उनका विवाद हो गया था।
विवाद के चलते दोनों पक्षो की देर रात्रि रेस्ट्रोरेंट के बाहर भी आपस मे बहस हो गयी तथा घायल युवक के 10-12 साथियों के मौके पर इक्कट्ठा होने पर दूसरे पक्ष के एक युवक द्वारा डराने के नियत से हवा में फायर किया गया, जिसमे एक गोली संभव गुरुंग को लग गई। घटना के संबंध में संभव गुरुंग के परिजनों द्वारा थाना राजपुर पर दी गयी लिखित तहरीर के आधार पर थाना राजपुर पर धारा 109 बीएनएस का अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस द्वारा घटना में शामिल आरोपी की पहचान हेतु घटनास्थल व आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों का अवलोकन करते हुए मौके पर मौजूद लोगो से पूछताछ की गयी, जिससे गोली चलाने वाले आरोपी की पहचान गौतम अहलावत, निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई, जिस पर तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर टीम को संभावित स्थानों को रवाना किया गया।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया तथा मुखबिर की सूचना पर आरोपी गौतम अहलावत को बीते दिवस मुजफ्फरनगर बायपास से घटना में प्रयुक्त वाहन के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि घटना में घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है, चिकित्सक व घायल युवक के परिजनों द्वारा घायल युवक की स्थिति को खतरे से बाहर होना बताया गया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







