CrimeU S NagarUttarakhand News

दुकान से नगदी लूटने वाले एक आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा बरामद, दूसरे की तलाश जारी

दुकान से नकदी लूटने वाले आरोपी को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया, आरोपी के कब्जे से लूटी गई नकदी तमंचा बरामद किया गया।

 

ad

उधमसिंह नगर पुलिस मीडिया सैल से मिली जानकारी के अनुसार बीते एक जून को एक महिला पुष्पा देवी ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उनके घर के अगले हिस्से में उनकी परचून की दुकान है। दोपहर में उनका बड़ा लड़का नानकमत्ता किसी काम से गया हुआ था और दुकान पर उनका छोटा लड़का बैठा था। उसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति उनकी दुकान पर आए और बच्चे से पूछा कि उसके पिता कहाँ हैं।

 

लड़के ने बताया कि उसके पिता घर में सो रहे हैं, तो उनमें से एक ने बच्चे के सीने पर बंदूक रखकर धमकाया कि हल्ला किया तो गोली मार दूंगा। इतने में दूसरे व्यक्ति ने दुकान का गल्ला खोला और उसमें रखे चौदह हजार रुपये की एक गड्डी तथा सात- आठ सौ रुपये (दुकान की बिक्री के) निकालकर ले गए। प्रार्थिनी ने बताया कि उक्त चोर बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर थे और उन्हें अब पल-पल खतरा महसूस हो रहा है।

 

तहरीर के आधार पर थाना नानकमत्ता में धारा 309(4), 351(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के आदेशानुसार पुलिस टीम का किया गठन किया गया। पुलिस टीम द्वारा घटना के खुलासे के लिए त्वरित कार्रवाई शुरू की गई। उन्होंने घटनास्थल के आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज का गहनता से अवलोकन किया। इसके साथ ही इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने वाले पुराने आरोपियों का सत्यापन किया गया।

 

जांच और सूचना संकलन के इसी क्रम में टीम को आज शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने उक्त घटना में शामिल आरोपी जगमीत सिंह, निवासी मलपुरी, थाना सितारगंज, ऊधमसिंहनगर, उम्र 52 वर्ष को तमंचे सहित ग्राम सुनखरी मार्ग, थाना नानकमत्ता क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस की पूछताछ में आरोप जगमीत सिंह ने बताया कि वह स्मैक और शराब का आदी है। घटना के दिन वह बहुत अधिक शराब के नशे में था।

 

उसने बताया कि जब वह और उसका साथी लस्सी लेने उस दुकान पर गए तो उन्होंने देखा कि दुकान में एक कम उम्र का बच्चा बैठा है। तभी उन्होंने उस बच्चे को तमंचा दिखाकर डराकर दुकान के गल्ले में रखे पैसे लूटने की योजना बनाई। थोड़ी देर बाद ही दोनों ने मिलकर दुकान में बैठे बच्चे को तमंचा दिखाकर गल्ले में रखी नगदी लूट ली। पुलिस द्वारा फरार चल रहे दूसरे आोपी की तलाश व अग्रिम कार्रवाई जारी है।

 

 

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते