पिथौरागढ़ : अव्वल स्थान प्राप्त प्रतिभागी होंगे पुरस्कार राशि से सम्मानित
ई-संस्कृत गान प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण प्रारंभ

उत्तराखंड संस्कृत अकादमी हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित होने वाली जनपद स्तरीय ई-संस्कृत गान प्रतियोगिता के लिए आनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है।

यह जानकारी देते हुए जनपद संयोजक पवन पाठक ने बताया कि प्रतियोगिता के तहत पंजीकृत प्रतिभागी को 02 से 03 मिनट का सुंदर व आकर्षक वीडियो बनाकर अपने जनपद संयोजक के पास व्हाट्सएप के माध्यम से प्रेषित करना होगा। बताया कि अर्ह वीडियो को अकादमी के फेसबुक पेज पर अपलोड किया जाएगा। प्रतिभागी का मूल्यांकन वीडियो को देखने वाले 25 प्रतिशत दर्शक संख्या व 75 प्रतिशत निर्णायकों द्वारा प्रदत्त अंकों के योग के आधार पर किया जाएगा।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर 3100, द्वितीय में 2100 व तृतीय स्थान प्राप्तकर्ता को 1500 की धनराशि और दो प्रोत्साहन पुरस्कार 1000 रूपए के साथ-साथ ई-प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। जिला संयोजक ने बताया कि पंजीकरण की अंतिम तिथि 05 जुलाई, वीडियो प्रेषण की तिथि 15 जुलाई, दर्शकों की गणना 25 जुलाई तक की जाएगी।
इसके बाद परिणाम व पुरस्कार की घोषणा आगामी 05 अगस्त को की जाएगी। 13 जनपदों में सर्वाधिक दर्शक संख्या के आधार पर प्रथम स्थान पर 1500 द्वितीय को 1200 व तृतीय को 1000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए जिला संयोजक पवन पाठक के मोबाइल नंबर 8744831893 में संपर्क कर सकते हैं।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







