ChamoliCrimeUttarakhand News

शातिराना अंदाज में दुकान में आई तीन महिलाएं ने साफ किए लाखों के गहने

आरोपी दो महिला व दो पुरूष गिरफ्तार, एक महिला व एक पुरूष की तलाश

गहने खरीदने आई तीन महिलाओं ने शातिराना अंदाज में गहनों की ट्रे लाखों के गहने चोरी कर लिए। पुलिस टीम द्वारा लगातार किए गए प्रयासों के चलते घटना में शामिल दो महिला व दो पुरूषों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक महिला व एक पुरूष की तलाश जारी है।

 

ad

चमोली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कर्णप्रयाग के ज्वेलर्स मालिक प्रियांशु बंसल ने बीते 15 जून 2025 को कोतवाली कर्णप्रयाग में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया गया कि 12 जून को सुबह तीन महिलाएं गहने खरीदने के बहाने दुकान पर आईं थी। गहने देखते समय उन्होंने गहनों की ट्रे से एक अंगूठी और कान की बाली की एक जोड़ी (लगभग 14 ग्राम, कीमत करीब 1,25,000 रुपये) की चोरी कर ली।

 

तहरीर के आधार पर धारा 305 भारतीय न्याय संहिता के तहत अज्ञात के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस अधीक्षक चमोली सर्वेश पंवार मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एक पुलिस टीम गठित कर आरोपितों को पकड़ने के निर्देश दिए। जारी निर्देशो के तहत क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग अमित सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्णप्रयाग राकेश चंद्र भट्ट के निर्देशन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

 

घटना के खुलासे के लिए गठित इस टीम ने गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान 14 जून को सूचना मिली कि उक्त तीनों महिलाएं नारायण बगड़, कुलसारी और थराली बाजार में भी ज्वेलरी की दुकानों पर इसी तरह खरीददारी के बहाने आई-गई थीं। सूचना पर पुलिस टीम को विभिन्न हिस्सों में बांटा गया।

 

एसएसआइ संजय नेगी के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा नारायण बगड़, थराली आदि बाजारों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। चौकी प्रभारी गौचर उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसाईं के नेतृत्व में गठित टीम ने ग्वालदम, बैजनाथ, बागेश्वर, अल्मोड़ा आदि स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की जांच की और अपर उपनिरीक्षक राजीव कुमार चौकी प्रभारी बाजार कर्णप्रयाग की टीम ने कर्णप्रयाग बाजार, घटनास्थल महादेव ज्वेलर्स और उसके आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए।

 

तीनों टीमों द्वारा कर्णप्रयाग बाजार से लेकर बागेश्वर, अल्मोड़ा, रानीखेत और सोमेश्वर तक लगभग 250 सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की गई। फुटेज में सामने आया कि घटना को अंजाम देने के लिए कर्णप्रयाग बाजार में 03 महिलाएं और 03 पुरुष एक सफेद रंग की टैक्सी नंबर की स्विफ्ट कार से आए थे और 14 जून को ये लोग नारायण बगड़, थराली, ग्वालदम होते हुए बागेश्वर, अल्मोड़ा से काशीपुर और फिर मुरादाबाद की तरफ जाते दिखाई दिए।

 

गिरोह की गिरफ्तारी के लिए इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य जनपदों के सीमावर्ती थानों से जानकारी जुटाई गई, जिससे पता चला कि इस तरह के गिरोह मुरादाबाद और सम्भल की तरफ से सक्रिय रहते हैं। इस सूचना पर पुलिस की टीमें 16 जून से उत्तर प्रदेश के जनपद सम्भल, मुरादाबाद और बिजनौर में कैंप कर स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

 

पुलिस की जांच में पता चला कि यह गिरोह अत्यंत शातिर किस्म का है। वे टैक्सी नंबर की गाड़ियों का इस्तेमाल करते हैं और लगातार अपना ठिकाना बदलकर बरेली, नैनीताल, हिमाचल और उत्तराखंड में भी अपराध करते रहे हैं। इस जानकारी पर स्थानीय मुखबिर तंत्र और एसओजी टीम चमोली से मिले सटीक इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सूचना पर बीते दिवस गिरोह के कोटद्वार में होने की जानकारी प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीमें कोटद्वार पहुंचीं और तलाश शुरू की।

 

सिद्धाबली मंदिर के सामने कोटद्वार-पौड़ी रोड़ पर उक्त घटना में प्रयुक्त हुई एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार को रोका गया। कार से पुलिस टीम ने घटना में शामिल चार आरोपियों सुरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम लाम्बिया, बिजनौर, अर्जुन सिंह, निवासी भदौड़ा डबल फाटक सीतापुरी, मुरादाबाद उत्तर प्रदेश उम्र 35 वर्ष, ओमवती पत्नी महिपाल निवासी सिरकोनी काशीरामनगर, मुरादाबाद उत्तर प्रदेश उम्र 55 वर्ष व सुनीता पत्नी देवेन्द्र सिंह, निवासी प्रकाश नगर, मुरादाबाद उम्र 38 वर्ष को पकड़ लिया। उनके कब्जे से चोरी किया गया अधिकांश माल भी बरामद कर लिया गया है।

 

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों के दो साथी संजीव कुमार उर्फ सोनू, निवासी प्रकाश नगर, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश उम्र 28 वर्ष व सुनीता पत्नी राजकुमार निवासी ग्राम बिलारी मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश उम्र 38 वर्ष अभी भी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

 

पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई और सफल अनावरण के लिए लोगों ने सराहना की है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का अभियान जारी है। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल दीवान नेगी, भगत लाल, प्रदीप बहुखंडी, कांस्टेबल दिग्पाल भंडारी, नरेश नेगी, महिला कांस्टेबल देवेश्वरी, कांस्टेबल संतोष चौहान, राजेन्द्र सिंह, आशुतोष तिवारी व महिला होम गार्ड सरिता शामिल थे।

 

 

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते