पिथौरागढ़ : दर्दनाक मौत : पैदल मार्ग से फिसलकर गहरी खाई में गिरा युवक
गांव, क्षेत्र में शोक व्याप्त, सड़क न होने पर ग्रामीणों में आक्रोश

पिथौरागढ़ जनपद के पाताल भुवनेश्वर क्षेत्र में सड़क सुविधा से वंचित मौना गांव के एक युवक की संकरे और क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग से फिसलकर गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब युवक अपनी दिवंगत दादी की तेरहवीं के लिए गंगोलीहाट बाजार से सामान खरीदकर गांव लौट रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम मौना गांव निवासी 22 वर्षीय सूरज सिंह भंडारी अपने एक साथी के साथ सामान लेकर गंगोलीहाट बाजार से वापस लौट रहा था। रास्ते में अति संकरे और बरसात से क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग पर उसका पैर फिसल गया, जिससे वह सीधे गहरी खाई में जा गिरा। उसके साथ चल रहे युवक ने तुरंत गांव के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य और मंदिर समिति अध्यक्ष को सूचना दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद सूरज को खाई से निकाला गया। गंभीर अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बीते दिवस पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। इस हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया और मृतक का परिवार गहरे सदमे में है। मौना गांव आज भी सड़क मार्ग से कटा हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव तक सुरक्षित पैदल मार्ग भी नहीं है। चट्टानों से होकर गुजरने वाला रास्ता कई जगहों पर कम चौड़ा है और बरसात में बेहद खतरनाक हो जाता है। पूर्व में भी इस मार्ग पर कई हादसे हो चुके हैं। इसी रास्ते से पाताल भुवनेश्वर और गलौन क्षेत्र के बच्चे भी रोजाना स्कूल जाते हैं।
हादसे पर ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य विरेंद्र सिंह, नीलम सिंह, किशन सिंह, केदार सिंह, हरीश सिंह, हयात सिंह, भगवान सिंह, जगत सिंह, महिपाल सिंह, मनीष सिंह, संजू भंडारी, महेश दशौनी, एलएम रावल, ललित सिंह आदि ने घटना पर गहरा शोक जताते हुए प्रशासन से दिवंगत युवक के परिवार को दैवीय आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता देने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण नहीं हुआ तो वे आंदोलन को मजबूर होंगे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







