पिथौरागढ़ : उत्तेजित होकर हिंसक व्यवहार, 03 को किया गिरफ्तार
ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन एवं मिशन मर्यादा के तहत 101 पर कार्रवाई

जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में शांति भंग व नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है, जिसके तहत दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।

जिले के थाना बलुवाकोट क्षेत्र में लोकेश्वर सिंह खैर को शराब के नशे में विद्यालय परिसर में गाली-गलौच कर आमजन में भय एवं अशांति का माहौल उत्पन्न करने पर थानाध्यक्ष मेघा शर्मा के नेतृत्व में अपर उपनिरीक्षक नरेन्द्र पाल सिंह व टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर युवक को शांत करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह और उत्तेजित होकर हिंसक व्यवहार करने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए उसे धारा 172 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया।
डीडीहाट क्षेत्रान्तर्गत भरत कफलिया एवं कौशल कफलिया द्वारा सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौच कर शांति व्यवस्था भंग करने की सूचना पर थानाध्यक्ष हरीश सिंह के नेतृत्व में अपर उपनिरीक्षक प्रदीप मिश्रा व टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर दोनों व्यक्तियों को शांत करने का प्रयास किया गया, किन्तु उन्होंने पुलिस के आदेशों की अवहेलना की।
स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए दोनों को धारा 126/135/170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त जनपद पुलिस द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन एवं मिशन मर्यादा के अंतर्गत कुल 101 लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







