नाराज होकर 03 साल के बच्चे को साथ लेकर घर से चली गई महिला
पुलिस ने महिला व उसके बच्चे को सकुशल बरामद कर लौटाई परिवार की खुशियां

किसी बात से नाराज होकर एक महिला अपने 03 साल के बच्चे को लेकर घर से चली गई, परिजनों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के आधार पर पुलिस ने मशक्कतों के बाद महिला व बच्चे को सकुशल बरामद कर काउंसलिंग के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जिसको लेकर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।

देहरादून के राजपुर क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति थाने में एक लिखित तहरीर देते हुए बताया कि उनकी बहू घरवालों से नाराज होकर अपने 03 साल के बेटे के साथ घर से बिना बताए कहीं चली गई है, जिसे काफी तलाश किया गया किन्तु वह नहीं मिली। तहरीर के आधार पर थाना राजपुर पर महिला की गुमशुदगी दर्ज की गई तथा महिला व बच्चे की तलाश शुरू की गई।
मामले की संवेदनशीलता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा महिला तथा बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिये गये। पुलिस टीम द्वारा तत्काल गुमशुदा महिला व बच्चे की फोटो को विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों व सोशल मीडिया पर शेयर करते हुये महिला की तलाश हेतु अवगत कराया गया। साथ ही गुमशुदा महिला के घर के आसपास व आने -जाने वाले मार्गो पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों का अवलोकन कर मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
इसके अतिरिक्त इलेक्ट्रानिक सर्विलांस के माध्यम से गुमशुदा महिला व उसके बच्चे के संबंध में जानकारियां एकत्रित की गई। पुलिस टीम द्वारा किये गए लगातार प्रयासों के परिणाम स्वरूप पुलिस टीम को महिला के चण्डीगढ में होने के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त हुई, जिस पर एक टीम को तुरंत चण्डीगढ रवाना किया गया।
जहां पुलिस टीम द्वारा जानकारी जुटाते हुए गुमशुदा महिला व उसके बच्चे को सकुशल बरामद कर देहरादून लाया गया तथा उक्त महिला व उसके परिजनो की कॉउंसिल कर उन्हें पारिवारिक रिश्तों के महत्व को समझाते हुए साथ जीवन व्यतीत करने के लिए राजी कर महिला व बच्चे को परिजनों के सुपुर्द किया गया। महिला तथा बच्चे को सकुशल वापस पाकर परिजनों द्वारा पुलिस की कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए दून पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस टीम में अपर उप निरीक्षक मदन सिंह, कांस्टेबल राज सिंह व महिल कांस्टेबल सुमित्रा शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







