पिथौरागढ़ : जिलाधिकारी ने किए आवश्यक निर्देश जारी
सीएम हेल्पलाइन पोर्टल समीक्षा बैठक

आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। यह निर्देश आज जिलाधिकारी विनोद गास्वामी ने जिला कार्यालय सभागार में आयोजित सीएम हेल्पलाइन पोर्टल 1905 पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को दिए।

इस दौरान उन्होंने 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों पर गंभीरता से कार्य करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण शीघ्र किया जाए और शिकायतकर्ताओं से फोन पर संपर्क कर निस्तारण की संतुष्टि भी की जाए। डीएम गोस्वामी ने कहा कि जिन शिकायतों में निर्माण कार्य अथवा शासन स्तर की अनुमति अपेक्षित है, उनके संबंध में शिकायतकर्ता को भी इस हेतु अवगत कराएं और पत्रावली निदेशालय को प्रेषित कर स्पष्ट रूप से कारण बताने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने प्रमाण पत्र संबंधी, पेयजल, स्वास्थ्य एवं सड़क से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने को संबंधितों को कहा। जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्र में ऐसी सड़कों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराएं, जो किसी भी निर्माण विभाग के अंतर्गत नहीं आतीं। इस सूची को शासन को प्रेषित कर जिला प्रशासन स्तर से कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, मुख्य कृषि अधिकारी अमरेन्द्र चौधरी सहित अन्य विभागीय अधिकारी शामिल रहे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







