पिथौरागढ़ : उपलब्धि : भोजनमाता के संस्कार और बेटे की लगन
मुवानी के धर्मेंद्र भट्ट बने सब इंस्पेक्टर, क्षेत्र में खुशी का महौल

सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के मुवानी क्षेत्र के साधारण परिवार से निकलकर असाधारण उपलब्धि हासिल करने वाले धर्मेंद्र भट्ट (ध्रुव) ने हाल ही में उत्तराखंड पुलिस सेवा (यूकेएसआई) में सब इंस्पेक्टर के पद पर चयन पाकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी यह सफलता न केवल परिश्रम की मिसाल है, बल्कि एक माँ के त्याग और संस्कारों की प्रेरक कहानी भी है।

धर्मेंद्र भट्ट की माँ पिछले 22 वर्षों से प्राथमिक विद्यालय मुवानी में भोजनमाता के रूप में कार्यरत हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बेटे को ईमानदारी, परिश्रम और आत्मविश्वास के संस्कार ग्रहण कराए। ध्रुव ने अपनी सफलता का पहला श्रेय अपनी माँ को देते हुए कहा कि उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी मुझे कभी हार मानने नहीं दी।
पाँच वर्षों तक प्राइवेट कंपनी, होटल और दुकानों में काम करने के बाद भी ध्रुव ने हार नहीं मानी और लगन से तैयारी जारी रखी। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और वह सब इंस्पेक्टर के पद पर चयनित हो गए। ध्रुव अपने गुरु प्रताप सिंह पुंडीर को भी अपनी सफलता का सबसे बड़ा मार्गदर्शक मानते हैं। प्रताप पुंडीर वर्तमान में उत्तराखंड ग्रामीण बैंक, ऋषिकेश शाखा में कार्यरत हैं।
ध्रुव ने कहा कि यदि गुरु का मार्गदर्शन न मिला होता, तो शायद यह मुकाम हासिल करना कठिन था। समाज सुधार की भावना से प्रेरित होकर ध्रुव ने अपने गांव में ध्रुव कोचिंग क्लासेस की स्थापना की, जहाँ से अब तक 25 से अधिक गरीब परिवारों के विद्यार्थी एसएससी जीडी व भारतीय सेना में चयनित होकर अपने सपनों को साकार कर चुके हैं।
अप्रैल 2025 से डायट डीडीहाट से डीएलएड की पढ़ाई कर रहे ध्रुव ने अब पुलिस सेवा को ही अपना करियर बनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा मेरे लिए केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज की रक्षा और सेवा का संकल्प है। ध्रुव ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरु प्रताप पुंडीर, अन्य गुरुजनों और विद्यार्थियों को देते हुए कहा कि वह आगे भी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए समाज और देश की सेवा करेंगे। धर्मेंद्र भट्ट की इस उपलब्धि पर गांव क्षेत्र में खुशी की लहर है, क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए धमेंद्र व परिजनों को शुभकामनाएं दी हैं।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







