पिथौरागढ़ : चेतावनी : मांगों को लेकर उचित कार्रवाई नहीं होने तक रहेगा आंदोलन जारी
सस्ता गल्ला विक्रेताओं का कार्य बहिष्कार रहा जारी

पिथौरागढ़ नगर के सस्ता गल्ला विक्रेताओं का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। तीन सूत्रीय मांगों को लेकर बीते दिवस विक्रेताओं ने लगातार कार्य बहिष्कार जारी रखा। विक्रेताओं ने पूर्ति कार्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए धरना दिया और मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।

सस्ता गल्ला विक्रेता संगठन के अध्यक्ष मनोज पांडेय के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वे बीते लंबे समय से लंबित बिलों के भुगतान, भाड़े के भुगतान और मानदेय देने की मांग कर रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। विक्रेताओं का कहना है कि लगातार आंदोलन के बावजूद उनकी मांगें अनसुनी की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि राशन का उठान नहीं किया गया है, जिसके चलते उपभोक्ताओं को राशन वितरण ठप पड़ा हुआ है। विक्रेताओं ने इसके लिए शासन और प्रशासन जिम्मेदार ठहराया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक उनकी तीन सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक कार्य बहिष्कार और धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रदर्शन में कैलाश जोशी, ललित महर, अनिल जोशी, हयात सिंह, पुष्कर सिंह, श्याम सिंह, रवींद्र सिंह, पीयूष पाटनी, ललित कोठारी, सुरेंद्र खत्री, राजेंद्र सिंह, दिगंबर सिंह, विनोद जोशी, विक्रम कुमार सहित दर्जनों विक्रेता शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







