मुख्यमंत्री धामी ने 01.60 करोड़ की ‘वे साइड एमिनिटी’ परियोजना का किया शिलान्यास
पर्यटन को बढ़ावा और स्थानीय रोजगार को मिलेगी मजबूती

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जनपद भ्रमण कार्यक्रम के तहत चंपावत के अमोड़ी में लगभग ₹1.60 करोड़ की लागत से बनने वाली ‘वे साइड एमिनिटी’ परियोजना का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया।

यह परियोजना मुख्यमंत्री घोषणा अंतर्गत ग्राम उत्थान परियोजना रीप एवं उत्तराखंड कृषि उत्पादन एवं विपणन बोर्ड रुद्रपुर के सहयोग से स्थापित की जा रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना आदर्श चम्पावत की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करना, यात्रियों को आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराना और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।
उन्होंने बताया कि वे साइड एमिनिटी के अंतर्गत यात्रियों के लिए आरामदायक विश्राम स्थल, आधुनिक शौचालय, जलपान की सुविधा, साथ ही स्थानीय उत्पादों व हस्तशिल्प की बिक्री के लिए केंद्र विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे न केवल पर्यटन को बल मिलेगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर दायित्वधारी श्याम नारायण पांडे, अनिल डब्बू, शंकर कोरंगा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







