पिथौरागढ़ : जिलाधिकारी ने मरीजों से ली आवश्यक जानकारियां, संबंधितों को निर्देश जारी
जिला चिकित्सालयों का किया औचक निरीक्षण

बीते एक दिवस पूर्व कार्यभार संभालने के बाद जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने आज शुक्रवार को जिला चिकित्सालय एवं महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली और अस्पताल में सफाई, दवा उपलब्धता व आयुष्मान कार्ड से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।

उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधितों को दिए। इस दौरान डीएम ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता में रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने और मरीजों की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही परिसर में पड़े कूड़े-कबाड़ एवं खराब उपकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिकायत पेटिका की जांच की, जिसमें कोई शिकायत दर्ज नहीं मिली। उन्होंने अस्पताल में एक हेल्पलाइन प्रणाली स्थापित करने के निर्देश भी दिए ताकि मरीजों को तुरंत सहायता और जानकारी मिल सके। डीएम भटगांई ने आपातकालीन कक्ष, वार्ड, आईसीयू और ऑपरेशन थियेटर का भी निरीक्षण किया और सभी व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी व पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने ओपीडी पर्ची वितरण प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए इसे अधिक सुव्यवस्थित और मरीजों के अनुकूल बनाने के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, अतिरिक्त चिकित्साधिकारी डॉ. प्रशांत कौशिक, तहसीलदार विजय गोस्वामी, प्रभारी प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक महेश चन्द रजवार, मुख्य सर्जन डॉ. लाल सिंह बोरा सहित अन्य अधिकारी कर्मी मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







